टॉप न्यूज़राजनीतिराज्यराष्ट्रीय

आंध्र को विशेष दर्जे के समर्थन में खुदकुशी न करें : चंद्रबाबू नायडू

चंद्रबाबू नायडूहैदराबाद। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने लोगों से आंध्र को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग के समर्थन में भावावेश में आकर आत्महत्या जैसे कदम न उठाने की अपील की। नायडू ने कहा कि उनकी सरकार राज्य को न्याय दिलाने के लिए सभी संभव उपाय कर रही है। आंध्र विधानसभा ने सोमवार को शोक प्रस्ताव पारित कर उन सभी लोगों की मौत पर शोक जताया जिन्होंने आंध्र को विशेष राज्य के समर्थन में हो रही देरी पर विरोध जताने के लिए खुदकुशी जैसा कदम उठा लिया। प्रस्ताव नायडू ने रखा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भावनात्मक रूप से परेशान हो जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से आत्महत्या जैसा कदम न उठाने की अपील की।
विधानसभा अध्यक्ष कोडेला सिवाप्रसाद राव ने हंगामे के बीच इस प्रस्ताव के पारित होने का ऐलान किया। वाईएसआर कांग्रेस के सदस्य तेलुगू देशम पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार पर विपक्ष की आवाज को दबाने का आरोप लगा रहे थे।

वाईएसआर कांग्रेस के नेता वाई.एस.जगनमोहन रेड्डी का कहना था कि आत्महत्याओं की वजह तेदेपा और भाजपा नेताओं के बयान हंै। इस पर मुख्यमंत्री नायडू से उनकी तीखी झड़प हुई।रेड्डी ने कहा, ‘‘आप कह रहे हैं कि राज्य को विशेष दर्जा नहीं मिलेगा। इसी वजह से लोग खुदकुशी कर रहे हैं।’’रेड्डी ने आरोप लगाया कि जान देने वालों के परिजनों को सरकार ने एक पैसे का भी मुआवजा नहीं दिया।नायडू ने रेड्डी पर पलटवार किया। उन्होंंने वाईएसआर कांग्रेस और कांग्रेस पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खुद को भ्रष्टाचार के मामलों से बचाने के लिए रेड्डी ने कांग्रेस से समझौता कर लिया है।नायडू ने कहा कि बीते हफ्ते उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी और बातचीत का पहला बिंदु ही राज्य को विशेष दर्जे की मांग से जुड़ा था। उन्होंने कहा, ‘‘हमने राज्य के लिए स्पेशल पैकेज और आंध्र प्रदेश पुनर्गठन कानून में किए गए सभी वायदों पर अमल का भी आग्रह किया।’’
नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को इस बारे में कार्ययोजना बनाने के लिए कहा।
इससे पहले सत्र शुरू होते ही वाईएसआर कांग्रेस ने राज्य को विशेष दर्जा देने की मांग पर चर्चा के लिए जोर दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने वाईएसआर कांग्रेस के कार्यस्थगन प्रस्ताव को खारिज कर दिया और कहा कि सरकार इस मामले में बयान देगी।बाद में सदन ने पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे.अब्दुल कलाम को श्रदांजलि दी। एक अन्य प्रस्ताव पास कर राजमुंदरी में गोदावरी पुष्करम में भगदड़ में 29 लोगों की मौत पर शोक जताया गया।गोदावरी पुष्करम हादसे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में तीखी नोकझोंक हुई। वाईएसआर कांग्रेस नेता जगनमोहन रेड्डी ने हादसे के लिए चंद्रबाबू नायडू को दोषी बताया। इस पर तेदेपा विधायकों ने कड़ा एतराज जताया। बहस के दौरान रेड्डी ने माइक को बार-बार बंद करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष की आलोचना की। विधानसभा अध्यक्ष ने रेड्डी के बयान को अपमानजनक बताया और इसे वापस लेने को कहा।

Related Articles

Back to top button