![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2013/11/musla.jpg)
हैदराबाद (एजेंसी)। मछलीपत्तनम के करीबी तट पर शुक्रवार दोपहर दस्तक देने जा रहे चक्रवाती तूफान हेलेन के चलते तटीय आंध्र प्रदेश में जबरदस्त हवाओं के साथ भारी वर्षा शुरू हो गई है। तूफान के मद्देनजर तटीय जिलों में चेतावनी जारी कर दी गई है। जबकि नुकसान को कम करने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं वहीं निचले इलाके खाली करा लिए गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार यह भयंकर तूफान शुक्रवार दोपहर के आसपास मछलीपत्तनम के करीबी तट से गुजरेगा। आईएमडी की एक विज्ञप्ति में शुक्रवार सुबह कहा गया कि बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ हेलेन की ओर बढ़ा है। इसका केंद्र नरसापुर के दक्षिण में करीब 25 किलोमीटर एवं मछलीपत्तनम के पूर्व में करीब 6० किलो मीटर आगे बना हुआ है। इस शक्तिशाली तूफान के चलते कृष्णा के कई हिस्सों गुंटूर पूर्व गोदावरी गोदावरी विशाखापत्तनम और अन्य तटीय जिलों में भारी वर्षा हो रही है। वहीं तूफानी हवाओं के चलते तटीय जिलों के कुछ हिस्सों में पेड़ जड़सहित उखड़ गए। संचार टावर गिर गए और बिजली आपूर्ति प्रभावित है। समुद्र अशांत बना हुआ है और कुछ इलाकों में कई मीटर तक जलभराव होने से जमीन डूब गई है। आईएमडी ने तटीय आंध्र प्रदेश और निकटर्वी गुंटूर कृष्णा और दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश के गोदावरी जिलों के अधिकांश हिस्सों में अगले 36 घंटों में भारी एवं मूसलाधार बारिश होने की आशंका जताई है। उधर शुक्रवार को मुख्यमंत्री एन. किरन कुमार रेड्डी ने हैदराबाद में मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से कृष्णा और गुंटूर जिलों में एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वहीं कृष्णा के जिलाधीश रघुनंदन राव ने कहा कि तटीय इलाकों में सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश की घोषणा कर दी गई थी। कृष्णा जिलाधीश के कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष खोला गया है। नियंत्रण कक्ष के नंबर-०8672-252572 ०8672-251०77 हैं।