स्वास्थ्य

आपको जुकाम लगने वाला रोग कहीं साइनस तो नहीं ? ऐसे करें पहचान

जुकाम सामान्य समस्या है, इसलिए इसके होने पर आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। मगर कई बार जिसे आप सामान्य जुकाम समझकर नजरअंदाज करते रहते हैं, वो साइनस इंफेक्शन हो सकता है। दोनों के ही शुरुआती लक्षण नाक बहना, सिरदर्द और खांसी आदि हैं। साइनस एक ऐसी समस्या है, जिसका सही समय पर इलाज न हो, तो ये गंभीर परेशानियां पैदा कर सकती है। इसलिए आपको साइनस और सामान्य जुकाम के बीच अंतर को समझना बहुत जरूरी है। आइए आपको बताते हैं कि आप जुकाम या साइनस को कैसे पहचान सकते हैं और इनके बीच क्या अंतर होता है।

सामान्य जुकाम के लक्षण-
सामान्य जुकाम का कारण कोई बाहरी वायरस होता है, जो अपर रेस्पिरेटरी सिस्टम में पहुंच जाता है। आमतौर पर लोगों को साल में 2 से 4 बार जुकाम की समस्या होती ही है। सामान्य जुकाम को आप इन लक्षणों से पहचान सकते हैं।

लगातार नाक बहना
नाक बंद होना
बार-बार छींक आना
खांसी आना
गले में खराश होना
सीने में बलगम जमा होना
आंखों से पानी निकलना

जुकाम एक वायरल बीमारी है, जो छींक के संपर्क में आने वाले दूसरे लोगों को भी हो सकती है। जबकि साइनस वायरल नहीं होता है। साइनस का कारण आमतौर पर बैक्टीरिया या एलर्जी होते हैं। ये बैक्टीरिया या एलर्जी नाक और गाल के आसपास स्थित ‘साइनस लाइनिंग’ में सूजन पैदा कर देते हैं। साइनस में जमा बलगम (म्यूकस) में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं और इंफेक्शन बढ़ता जाता है।

जुकाम और साइनस इंफेक्शन में अंतर
आमतौर पर जुकाम 3 से 5 दिनों में कम हो जाता है और सप्ताह भर में ठीक हो जाता है। मगर साइनस इंफेक्शन आपको लंबे समय तक परेशान कर सकता है। अगर आपको सप्ताह भर से ज्यादा समय तक लगातार नाक बहने, सिरदर्द और छाती में भारीपन की शिकायत है, तो आपको डॉक्टर से संपर्क करके जांच करानी चाहिए।
अगर आपको चेहरे में दर्द, गालों के आसपास खिंचाव जैसा महसूस होता है, तो साइनस इंफेक्शन का संकेत हो सकता है।
अगर आपके नाक से बहने वाला तरल पदार्थ पानी जैसा है, तो ये जुकाम है। मगर यदि इसका रंग गहरा पीला या हरा है, तो इसका संकेत साइनस इंफेक्शन हो सकता है।
साइनस इंफेक्शन के कारण कई बार आपको खाने का स्वाद नहीं मिलता है और सूंघने की क्षमता चली जाती है।
इसके अलावा मुंह के ऊपरी हिस्से में दांतों में दर्द महसूस होना भी साइनस इंफेक्शन का संकेत हो सकता है।

आमतौर पर जुकाम को ठीक करने के लिए डॉक्टर्स एंटीबायोटिक दवाएं देते हैं। मगर बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन खतरनाक हो सकता है, इसलिए आप डॉक्टर की बताई दवाएं ही लें। इसके अलावा जुकाम से राहत पाने के लिए आपको खूब सारी लिक्विड डाइट लेते रहना चाहिए। पानी खूब पिएं इससे बलगम साफ होगा और नाक खुलेगी। इसके अलावा आराम भी बहुत जरूरी है।

साइनस इंफेक्शन को ठीक करने के लिए क्या करें?
हालांकि एक्सपर्ट्स बताते हैं कि साइनस इंफेक्शन कई बार अपने आप ठीक हो जाता है। इसलिए अगर लक्षण आपको 7 दिन से ज्यादा परेशान करें, तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। अगर आपको बुखार या चेहरे पर दर्द जैसे लक्षण महसूस होते हैं, तो डॉक्टर आपको इसके लिए सही दवाएं दे सकते हैं। इसके अलावा साइनस इंफेक्शन के दौरान भी बलगम को साफ करने के लिए आपको खूब सारी लिक्विड डाइट लेते रहना चाहिए और पानी पीते रहना चाहिए।

Related Articles

Back to top button