राज्य

जम्मू के 2 जिलों में बादल फटने से 10 लोगों की मौत, कितने बहे पता नहीं

  • जम्मू. जम्मू-कश्मीर में बादल फटने की 2 अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। डोडा जिले में गुरुवार तड़के बादल फटने से 8 लोगों की मौत हुई जबकि 11 जख्मी हो गए। मृतकों में 4 महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। कई लोगों के लापता होने की भी खबर है। भारी बारिश के चलते अचानक आई बाढ़ में 6 घरों के लोग फंसे हुए हैं। उन्हें बाहर निकालने की कोशिशें जारी हैं। इसके अलावा 2 दुकानों और एक नेशनल एकेडमी हाईस्कूल को भी नुकसान पहुंचा। उधर, किश्तवाड़ जिले में भी बादल फटने से 2 लोगों की मौत हो गई।लाखों के नुकसान का अंदेशा…
    – जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार आधी रात 2 बजकर 20 मिनट पर हुई। हिमाचल से सटे जम्मू के डोडा जिले के ठाठरी इलाके में बादल फटने से बाढ़ आ गई। जिसने सोते हुए लोगों को चपेट में ले लिया। इसके चलते लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग मलबे में दब गए। लाखों का नुकसान होने का भी अंदेशा है। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
    – अभी तक ऑपरेशन के दौरान 6 लोगों के शव बरामद हुए हैं। एक दर्जन से ज्यादा लोग लापता है, जिनकी तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ की टीमें लगी हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, अभी भी कई लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। पूरे इलाके को खंगाला जा रहा है।
    मिट्टी में दबे एक परिवार के 5 लोगों को बचाया गया
    – एक परिवार के 5 सदस्यों समेत 8 लोगों को बचा लिया गया। वह मिट्टी में दबे हुए थे। मौके पर पहुंचे एसडीएम रियाज अहमद मलिक ने पीड़ितों को सरकार की ओर से हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है।
    किश्तवाड़ के दूल एरिया में बादल फटा, 2 की मौत
    – इसके अलावा किश्तवाड़ जिले के दूल एरिया में भी बादल फटा है। एसएसपी संदीप वजीर ने कहा, “दूल के छिछवाड़ा छेरजी गांव में आई बाढ़ में एक महिला, उसका पोता और 11 मवेशी बह गए। एक घर और वाटरमिल को नुकसान हुआ है। महिला और उसके पोते का शव बरामद कर लिया गया है।”
    – इससे पहले, मंगलवार को साउथ कश्मीर के त्राल के नागाबल इलाके में भी बादल फटने की घटना हुई थी। कई लोग बेघर हो गए और उनके खाने पीने का सारा समान पानी में बह गया था। घटना के बाद लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। त्राल एसडीएम समेत कई अफसरों ने मौके पर पहुंचकर लोगों के रहने का फौरी इंतजाम किया।
    हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट
    – हिमाचल में गुरुवार सुबह से आने वाले 72 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
    – वेदर डिपार्टमेंट के डायरेक्टर मनमोहन सिंह के मुताबिक, हिमाचल में हर साल औसतन करीब 875 मिलीमीटर बारिश होती है। हालांकि, इस बार 1 जुलाई से अभी तक पिछले साल के मुकाबले 25 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। आने वाले दिनों में राज्य के मैदानी इलाकों में सामान्य बारिश और ऊपरी इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
    चंडीगढ़ में 42% कम बारिश
    – वेदर डिपार्टमेंट ने यहां 1 जून से 19 जुलाई तक अौसत से 42% कम बारिश दर्ज की है।
    – चंडीगढ़ वेदर डिपार्टमेंट के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, जून के आखिरी हफ्ते में मानसून जल्द एक्टिव होने के हालात बने थे, लेकिन हवाओं की दिशा बदल गई। इसकी वजह से शहर में अभी तक मानसून की एक भी झड़ी नहीं लगी है।
    – पाल के मुताबिक चंडीगढ़ में सितंबर के दूसरे हफ्ते तक मानसून रहता है। लिहाजा, बारिश एक-दो अच्छे स्पेल हो गए तो यह कमी दूर हो सकती है।
    – शहर में शुक्रवार और शनिवार को बारिश के आसार हैं। मिनिमम टेम्परेचर 26-27 डिग्री और मैक्सिमम 31-32 डिग्री रह सकता है।
    मध्य प्रदेश
    – वेदर डिपार्टमेंट के मुताबिक, गुरुवार सुबह से अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर और भोपाल संभाग के कई स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं।
    – उधर, ग्वालियर में 19 जुलाई तक सिर्फ 230mm बारिश हुई है। शहर को तिघरा बांध से पानी सप्लाई किया जाता है, जो अभी 18 फीट खाली है। ऐसे में नगर निगम अभी से शहर में एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई करने पर विचार कर रहा है।
    – इंदौर में सावन की शुरुआत में लगी एक दिन की झड़ी के बाद अब इंदौर को बादलों के बरसने का इंतजार है।
    – शहर में हर दिन शाम को बादल छा रहे हैं, लेकिन बरसे बिना चले जाते हैं। 1 जून से अभी तक इंदौर में 284 मिलीमीटर बारिश हुई है। पिछले साल अभी तक 358 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। वेदर डिपार्टमेंट ने गुरुवार सुबह से अगले 24 घंटों तक शहर मंे भारी बारिश की वॉर्निंग दी है।
    झारखंड
    – इस सीजन में राज्य में करीब 250 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। गुरुवार सुबह रांची समेत आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश हुई। लंबे इंतजार के बाद हो रही अच्छी बारिश के बाद किसानों ने धान की बुवाई शुरू कर दी है।
    राजस्थान
    – वेदर डिपार्टमेंट ने जयपुर में गुरुवार सुबह से अगले 24 घंटे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
    – झालावाड़ जिले के डग में बारिश के दौरान बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
    – झालावाड़, झालरापाटन, डग, रटलाई, भिलवाड़ी, पचपहाड़, पनवाड़, खानपुर, बकानी में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश हुई।
    – झालावाड़ जिले में सबसे ज्यादा बारिश पचपहाड़ में 40 मिलीमीटर दर्ज की गई।

Related Articles

Back to top button