फीचर्डराष्ट्रीय

जीसैट-7 सैटलाइट- चीन की हरकतों पर ‘रुक्मिणी’ की पैनी नजर

नई दिल्ली : हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की बढ़ती दखल और सिक्किम में सीमा विवाद के बाद भारत बेहद चौकन्ना हो गया है। इंडियन नेवी की ‘आसमानी आंख’ यानी जीसैट-7 सैटलाइट के जरिए ड्रैगन की गतिविधियों पर पैनी नजर है। खास तौर पर मिलिटरी इस्तेमाल के लिए ही इस सैटलाइट को 29 सितंबर 2013 को अंतरिक्ष में भेजा गया था। 2625 किलो वजनी इस सैटलाइट का नाम है रुक्मिणी। इसके जरिए हिंद महासागर के विस्तृत जलक्षेत्र में 2000 किमी तक के दायरे में निगरानी करना भारतीय नेवी के लिए बेहद आसान हो गया है।
ख़बरों के अनुसार, 2,625 किलोग्राम वजन का यह सेटेलाइट हिंद महासागर क्षेत्र में नजर रखने में नौसेना की मदद कर रहा है। यह एक मल्‍टी-बैंड कम्‍युनिकेशन-कम सर्विलान्‍स सेटेलाइट है, जिसका 36, 000 किमी की ऊंचाई से संचालन हो रहा है। यह नौसेना युद्धपोतों, पनडुब्बियों और विमानों को रियल-टाइम जानकारी मुहैया कराता है। वहीं समुद्र तट किनारे स्थित संचालन केंद्रों की मदद से यह सेटेलाइट ना केवल नौसेना की अरब सागर और बंगाल की खाड़ी पर नजर रखने में मदद कर रहा है बल्कि फारस की खाड़ी से लेकर मलक्का स्ट्रेट तक उनकी संचार और निगरानी क्षमताओं में वृद्धि करने में भी कारगर साबित हो रहा है, यह हिंद महासागर क्षेत्र के लगभग 70 फीसदी हिस्‍से के बराबर हैं।
आपको बता दें कि इन दिनों सिक्किम सीमा विवाद को लेकर भारत और चीन में तनाव बढ़ गया है। चीन ने भारतीय सुरक्षा बलों पर सीमा पार का उल्‍लंघन करने का आरोप लगाया है और उन्‍हें भारत वापस बुलाए जाने की मांग करते हुए चीन ने यह तक कह दिया है कि वह युद्ध को भी तैयार है। वहीं चीन ने हिंद महासागर में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है। हाल ही में कम से कम 14 चीनी नौसेना पोतों को भारतीय समुद्री क्षेत्र में घूमते देखा गया। इनमें आधुनिक लुआंग-3 और कुनमिंग क्लास स्टील्थ डेस्ट्रॉयर्स भी शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button