राज्य

त्रिपुरा में बाढ़ से 6 लोगों की मौत, घरों को नुक्सान

अगरतला : त्रिपुरा में पिछले सप्ताह आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या छह तक पहुंच गई है और हावड़ा नदी से कल दो और शवों को निकाला गया। पुलिस ने आज यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार राज्य में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है लेकिन पर्वतीय इलाकों में प्रतिदिन हो रही भारी बारिश से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है जिसके कारण बाढ़ का पानी निचले इलाकों में भर रहा है। पुलिस ने बताया तीन दिन पहले हावड़ा नदी में आयी बाढ़ में 22 वर्षीय परेश सरकार बह गया था। जलस्तर कम होने के बाद राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) के जवानों ने कल उसके शव को निकाला। परेश खयेरपुर के वृद्धिनगर गांव का निवासी है और नदी में मछली पकडऩे के लिए गया था और बाढ़ के पानी में बह गया था।

दूसरी ओर राहत एवं बचाव कार्य में लगे पुलिस कर्मियों को एक और शव मिला। इस शव की शिनाख्त भद्रामणी देबबर्मा (55) के रूप में हुई है। पिछले सप्ताह दक्षिण त्रिपुरा के गोमती नदी में आई बाढ़ में बह गया था। इससे पहले अगरतला में आई बाढ़ के दौरान तीन नाबालिग और एक महिला की डूबने से मौत हो गई थी। दक्षिणी अगरतला में बाढ़ के दौरान लापता एक और व्यक्ति की पुलिस तलाश कर रही है। लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी बाढ़ में बहने से मौत हो गई या वह लापता है।

Related Articles

Back to top button