टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराष्ट्रीय

दिल्ली में ठंड ने तोड़ा 22 साल का रिकॉर्ड, जानिए- अन्य राज्यों का हाल

नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और बारिश के बाद पूरा उत्तर भारत बर्फीली हवाओं की चपेट में है। दिल्ली में मंगलवार को ठंड ने 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पूर्व 28 दिसंबर, 1997 को अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में ही नहीं कई और राज्यों में भी बर्फ गिरी है। इनमें राजस्थान के माउंट आबू में मंगलवार को बर्फ की परत बिछ गई।

पहाड़ीं राज्यों में बढ़ी परेशानी

उत्तराखंड के चार शहरों में न्यूनतम एक डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। प्रदेश में नैनीताल जिले का मुक्तेश्वर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान .8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश में आने वाले दिनों में भी शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। वहीं, बर्फबारी के चलते सैलानियों के लिए औली तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। वहीं, दूसरी ओर हिमाचल के कुल्लू, लाहुल और किन्नौर में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान बर्फ के कारण दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति ग्लेशियर की चपेट में आने से घायल हो गया। इसके अलावा कश्मीर में रात के तापमान में गिरावट जारी है। गुलमर्ग का तापमान माइनस 11 डिग्री रहा। वहीं, श्रीनगर का तापमान भी माइनस 3.7 डिग्री तक पहुंच गया है।

विभिन्न शहरों में तापमान

शहर, अधि. न्यून.

मसूरी 11.8 01.1

जोशीमठ 10.1 01.6

पिथौरागढ़ 14.8 01.2

मुक्तेश्वर 10.0 0.8

मैदानी इलाके भी ठिठुरे

पश्चिमी विक्षोभ के बाद हुई बारिश और भारी बर्फबारी के बाद राजस्थान में शीतलहर का असर बढ़ गया है। सोमवार रात से शुरू होने वाली शीतलहर का असर अगले दिन तक बना हुआ है। वहीं, माउंट आबू में भी सर्दी का सितम देखने को मिला और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नजदीक पहुंच गया। इससे शहर के मैदानी इलाकों एवं कारों की छतों पर बर्फ की परत देखने को मिली। वहीं, मध्य प्रदेश के भी मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से. तक पहुंच गया। यह रतलाम और श्योपुरकला में दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 7.2 डिग्री दर्ज किया गया।

दिल्ली एनसीआर का प्रदूषण नियंत्रण में

मौसमी परिस्थितियों के चलते मंगलवार को भी दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर नियंत्रण में ही रहा। सीपीसीबी द्वारा जारी एयर बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली का एयर इंडेक्स महज 168 दर्ज किया। इस श्रेणी की हवा को मध्यम श्रेणी में ही रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में गाजियाबाद का एयर इंडेक्स 238, ग्रेटर नोएडा का 228 और नोएडा का 211 यानि खराब श्रेणी में जबकि गुरुग्राम का 106 और फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 165 यानि मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button