दिल्लीफीचर्डराजनीतिराष्ट्रीय

दिल्ली सरकार : मंत्री और उनको मिले विभाग

sapathनई दिल्ली (एजेंसी)। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को शपथ लेने वाली छह सदस्यीय अरविंद केजरीवाल सरकार में दो पूर्व प्रत्रकार एक कानूनी अभियान चलाने वाला  एक वास्तुविद  एक साफ्टवेयर इंजीनियर और एक सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं। पूरी सरकार 5० वर्ष के नीचे के उम्र के लोगों की है। यह सरकार अभी तक दिल्ली में बन चुकी सबसे युवा सरकार है। अरविंद केजरीवाल (45): सामाजिक कार्यकर्ता से नेता बने अरविंद ने दिल्ली के सातवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)  खड़गपुर से यांत्रिक अभियंत्रण की पढ़ाई करने वाले केजरीवाल भारतीय राजस्व सेवा में अधिकारी संवर्ग की नौकरी छोड़कर सामाजिक कार्यकर्ता बने। सरकार में पारदर्शिता और सूचना हासिल करने के अधिकार की लड़ाई लड़ने के लिए उन्हें मैगसेसे सम्मान मिल चुका है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले केजरीवाल तब हीरो बन कर उभरे जब सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने दिल्ली में अपना आंदोलन चलाया था। उस दौरान केजरीवाल अन्ना के प्रवक्ताओं में से एक थे। इस आंदोलन के एक वर्ष बाद केजरीवाल अन्ना से अलग होकर अपनी आम आदमी पार्टी (आप) गठित की और दिल्ली चुनावों की तैयारी को लक्ष्य कर आंदोलन चलाने लगे। महज एक वर्ष के भीतर उन्होंने दिल्ली में पार्टी को इस मुकाम पर पहुंचा दिया कि विधानसभा चुनाव में सीटों के लिहाज से वह दूसरे नंबर की पार्टी बनी। अरविंद का जन्म हरियाणा के भिवानी जिले के सिवनी गांव में हुआ था। सरकार में उनके पास गृह  वित्त  योजना  ऊर्जा और निगरानी विभाग होंगे। मनीष सिसोदिया (41): पूर्व पत्रकार सिसोदिया केजरीवाल का दाहिना हाथ माने जाते हैं। जन लोकपाल के लिए चले अन्ना के आंदोलन के दौरान सिसोदिया प्रमुख बनकर उभरे। जी टीवी की नौकरी छोड़ सिसोदिया सामाजिक कार्यकर्ता बने और पार्टी में केजरीवाल के बाद सबसे प्रमुख चेहरा माने जाते हैं। उनके पास लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास विभाग होंगे। सरकार के ये दोनों विभाग ऐसे हैं जिसमें सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहते हैं। इसके अलावा वे उच्च शिक्षा और स्थानीय निकाय विभाग का कामकाज भी देखेंगे।
सोमनाथ भारती (39): आईआईटी दिल्ली से शिक्षित भारती दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई भी पूरी कर चुके हैं। बिहार में जन्मे भारती के पास प्रशासनिक सुधार  कानून  पर्यटन  कला एवं संस्कृति विभाग होंगे। सत्येंद्र जैन (49): पेशे से वास्तुकार सत्येंद्र केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के लिए काम करते रहे हैं। इनके पास स्वास्थ्य  उद्योग और गुरुद्वारा चुनाव विभाग होंगे। राखी बिड़ला (26) : पूर्व पत्रकार बिड़ला केजरीवाल मंत्रिमंडल की सबसे युवा मंत्री हैं। दलित परिवार में जन्मी बिड़ला की मां एक सरकारी स्कूल में सफाईकर्मी थी। उसी स्कूल से बिड़ला ने 12वीं कक्षा तक की शिक्षा प्राप्त की। उन्हें महिला एवं बाल विकास और भाषा विभाग दिया गया है। इसके अलावा उन्हें महिलाओं की सुरक्षा के विशेष उपाय करने की जिम्मेदारी दी गई है। गिरीश सोनी (49): मदीपुर में चमड़े का व्यवसाय करने वाले सोनी 12वीं तक पढ़े हैं। गरीबी के कारण स्नातक की पढ़ाई पूरी नहीं कर सके सोनी दिल्ली के ही निवासी हैं। उन्हें अजा/जजा  रोजगार सृजन एवं श्रम विभाग दिया गया है।
सौरभ भारद्वाज (34): इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से कंप्यूटर इंजीनियर भारद्वाज ने उस्मानिया विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई भी की है। दिल्ली में पैदा हुए और पले बढ़े भारद्वाज के पास परिवहन  खाद्य आपूर्ति और पर्यावरण विभाग होंगे।

Related Articles

Back to top button