स्पोर्ट्स

धोनी का रांची के मैदान पर होगा ये आखिरी वनडे!

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब चौथा वनडे टीम इंडिया के वनडे मैचों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के होमग्राउंड पर खेला जाएगा। धोनी ने रांची के मैदान पर वैसे तो दो वनडे खेले हैं, लेकिन बुधवार का मैच अपने शहर में उनका शायद आखिरी वनडे भी हो सकता है। ऐसे में सीरीज में टीम इंडिया को 2-1 से बढ़त दिला चुके धोनी के पास इस मैदान पर कल सौ ओवर के खेल में काफी कुछ दांव पर लगा है।

धोनी का रांची के मैदान पर हो सकता है ये आखिरी वनडे!

ये वो दिन है जिस दिन टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का अपने घरेलू स्टेडियम में इंटरनेशनल मैच खेलने का सपना पूरा हुआ था। करियर के पूरे 9 साल बाद धोनी को रांची में पहला वनडे खेलने का मौका मिला तो अलग अंदाज में जश्न तो बनता ही था। धोनी ने दिल से पहले स्टेडियम की ओपनिंग सेरेमनी में ढोल बजाया और फिर मैदान पर जलवा दिखाया। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए इस वनडे में टीम इंडिया ने जीत हासिल की और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बल्ले से ही जीत का चौका निकला। अब तीन साल बाद धोनी अपने घरेलू जमीं पर वैसे तो करियर का तीसरा वनडे खेलेंगे, लेकिन धोनी का रांची के मैदान पर ये आखिरी वनडे भी हो सकता है।

अगले साल जून तक चैंपियंस ट्रॉफी तक रांची में कोई वनडे और टी-20 मुकाबला नहीं है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मार्च में यहां पहली बार टेस्ट मैच का आयोजन होगा। लेकिन धोनी इस टीम का हिस्सा नहीं होंगे। बहरहाल चैंपियंस ट्रॉफी के बाद भारतीय टीम का कार्यक्रम तय नहीं है। हो सकता है कि धोनी फिर से रांची के मैदान पर लौटे, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ रांची में मुकाबला धोनी के लिए वैसे भी अहम है। सिर्फ भावनात्मक रूप से ही नहीं बल्कि कप्तानी करियर के हिसाब से। सीरीज में 2-1 की बढ़त के बाद धोनी एक और जीत से सीरीज पर कब्जा जमा सकते हैं। यह ऐसी ट्रॉफी होगी जिसका धोनी करीब 2 साल से इंतजार कर रहे हैं।

जिम्बाब्वे के अलावा धोनी ने पिछली वनडे सीरीज साल अक्टूबर 2014 में वेस्टइंडीज के खिलाफ जीते थी। इसके बाद भारत को लगातार 3 द्पक्षीय सीरीज में बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार ही मिली है। लेकिन अब धोनी का बल्ला भी रन उगलने लगा है। धोनी ने बैटिंग में नंबर 4 को भी चुन लिया है। ऐसे में रैंकिंग में अपने से ऊपर टीम के खिलाफ सीरीज जीतने के जश्न की जगह माही के घरेलू मैदान से बेहतर क्या हो सकती है।

Related Articles

Back to top button