ब्रेकिंगराज्य

नशे में बेहोश पड़े शख्स को जानवरों ने नोचा, मौत

चण्डीगढ़  : फरीदाबाद में नशा करना एक शख्स के लिए जानलेवा साबित हुआ। होली पर नशे में शख्स इतना चूर था कि आवारा जानवर उसका चेहरा नोचते रहे लेकिन वह उठने तक की हिम्मत नहीं कर पाया। यह मामला बल्लभगढ़ की सुभाष कॉलोनी का है। वहां शराब के नशे में सड़क किनारे पड़े एक व्यक्ति को आवारा जानवरों ने नोच डाला जिससे उसकी मौत हो गई। मरने वाला शख्स गुरुवार दोपहर बाद दोस्तों के साथ होली खेलने की बात कहकर घर से निकला था। रात भर घर न लौटने पर सुबह परिजन तलाश में निकले तो वह घर से थोड़ी दूरी पर मृत मिला। आवारा कुत्तों ने मृतक का चेहरा और अन्य हिस्से को जगह-जगह से नोचा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार 40 वर्षीय देबू नामक व्यक्ति शहर की सुभाष कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं। वह बल्लभगढ़ बस अड्डे के सामने सब्जी मंडी में रेहड़ी पर सब्जी बेचता था। होली के चलते गुरुवार को देबू घर पर ही मौजूद था। दोपहर करीब 12 बजे के आसपास वह घर से दोस्तों के साथ होली खेलने की बात कह कर निकल गया, लेकिन इसके बाद वह घर लौट कर नहीं आया। परिवार के लोग रात भर उसका इंतजार करते रहे। परिजनों ने देबू के कुछ दोस्तों को भी फोन कर उसके बारे में जानकारी लेनी चाहिए, लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह परिवार के लोग उसकी तलाश कर ही रहे थे कि उन्हें आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि कुछ ही दूरी पर एक व्यक्ति मृत हालत में पड़ा हुआ है। तभी परिवार के लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो शव किसी और का नहीं, बल्कि देबू का था। देबू का चेहरा जानवरों ने नोच कर पूरी तरह खा लिया था, लेकिन परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान कर दी। पुलिस का अनुमान है कि मृतक ने दोस्तों के साथ जमकर शराब पी और मीट आदि खाया था। रात को लौटते समय ज्यादा नशा होने के कारण वह गिर कर बेहोश हो गया होगा। उस समय देबू के मुंह से मीट की गंध आने की वजह से आवारा जानवरों ने उसे नोचना शुरू कर दिया होगा। ज्यादा नशा होने के कारण वह बचाव की स्थिति में नहीं रहा होगा। मामले में परिवार की ओर से भी किसी तरह की हत्या की आशंका जाहिर नहीं की गई है। आरएमओ डॉ विकास शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में ऐसा लगता है कि देबू ने शराब के साथ चिकन भी खाया है। नशे में वह गिर गया होगा, जिस वजह से उसकी मौत हुई हो। मौत होने के बाद किसी जानवर ने उसका चेहरा नोचा होगा। कुत्तों के सूंघने की शक्ति ज्यादा होती है।

Related Articles

Back to top button