उत्तर प्रदेश

बड़ा बनने के लिए विचार व कर्म महान होने चाहिए -हृदय नारायण दीक्षित

पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में सी.एम.एस. के 4000 छात्रों व शिक्षकों ने निकाली प्रभात फेरी

लखनऊ। बड़ा होने के लिए बड़ा घर होना जरूरी नहीं है, अपितु हमारे विचार व कर्म महान होने चाहिए। पं दीन दयाल उपाध्याय के पास बड़ा घर नहीं था परन्तु अपने विचारों व अपने कर्मों से वे बहुत बड़े हो गये। ऐसे महान इन्सानों के लिए सारा जगत ही उनका घर होता है। यह विचार हैं प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित के जो आज यहाँ सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे। आगे बोलते हुए श्री दीक्षित ने कहा कि पं. दीन दयाल उपाध्याय ने इतिहास की धारा को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की ओर मोड़ने का काम किया और समाज को एकता व समरसता का मूलमंत्र दिया। पं. दीन दयाल उपाध्याय का कहना था कि भारत देश एक ईकाई की तरह है जो अपनी तमाम विविधताओं के बाद भी एक है। इससे पहले, सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 4000 छात्रों व शिक्षकों ने आज ‘‘पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी जन-जागरण प्रभात फेरी’’ निकालकर पं. दीन दयाल उपाध्याय के विचारों, उनकी सोच एवं व्यक्तित्व व कृतित्व को जनमानस तक पहुँचाया एवं समाज के नव-निर्माण का संदेश दिया।

प्रभात फेरी का नेतृत्व स्वाति सिंह, महिला एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), उ.प्र., एवं श्री हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी, भारतीय जनता पार्टी, उप्र, ने किया जबकि सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी व डा. (श्रीमती) भारती गाँधी, सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन, डायरेक्टर ऑफ स्ट्रेटजी, सी.एम.एस., श्री रोशन गाँधी फारुही एवं सी.एम.एस. के सभी 19 कैम्पसों की प्रधानाचार्याओं समेत अनेक गणमान्य हस्तियाँ प्रभात फेरी में शामिल होकर सी.एम.एस. छात्रों का उत्साहवर्धन किया एवं पं. दीन दयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुँचाया। प्रभात फेरी के समापन पर बोलते हुए स्वाति सिंह, राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), उ.प्र., ने कहा कि हमें भावी पीढ़ी से बहुत उम्मीदें है और मुझे विश्वास है कि सी.एम.एस. छात्र पं. उपाध्याय के बताये रास्ते पर चलकर समाज में समरसता व अमन-चैन स्थापित करने में अहम भूमिका निभायेंगे। आज समय की जरूरत है कि हम सब भारतवासी मिलकर शान्ति, एकता व सौहार्द का वातावरण कायम कर सामाजिक उत्थान में रचनात्मक भूमिका निभायें।

डा. विक्रम सिंह, प्रो-चांसलर, नोएडा इण्टरनेशनल यूनिवर्सिटी ने अपने संबोधन में छात्रों को संस्कारों व जीवन मूल्यों की सीख देते हुए कहा कि जो इन्सान अपने माता-पिता का सम्मान करता है, वो कभी हार नहीं सकता और जो इन्सान अपने माता-पिता का अपमान करता है, वह कभी जीवन की ऊँचाइयों पर नहीं पहुँच सकता। इस अवसर पर कुमार अभिषेक, वरिष्ठ पत्रकार, ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन किया एवं पं. दीन दयाल उपाध्याय के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि सिटी मोन्टेसरी स्कूल पंडित दीन दयाल उपाध्याय के विचारों एवं उनके द्वारा किये गये जन-कल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुँचाना चाहता है एवं इसी उद्देश्य हेतु प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिससे किशोर व युवा पीढ़ी पं. उपाध्याय के विचारों से प्रेरणा ले सके। सामाजिक उत्थान में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर समारोह के अन्त में सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. (श्रीमती) भारती गाँधी ने विद्यालय के मेधावी छात्रों को आशीर्वाद दिया।

Related Articles

Back to top button