
दस्तक टाइम्स/एजेंसी
बागपत : सऊदी अरब के मक्का में शुक्रवार शाम क्रेन हादसे में रटौल के पांच हाजी बाल-बाल बचे। मुख्य मस्जिद के पास जब क्रेन गिरी तो चंद मिनट पहले ही पांचों वहां से बाजार की तरफ निकले थे। मक्का में मौजूद हाजी शहजाद ने फोन पर बताया कि शाम को तेज हवा चल रही थी। मुख्य मस्जिद के बाहर चल रहे निर्माण कार्य में लगी क्रेन अचानक गिर गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। वह और रटौल के चार अन्य हाजी चंद मिनट पहले ही उस स्थान से बाजार की तरफ चले थे। तभी जोरदार धमाके की आवाज आई। हज का समय होने के कारण वहां जबरदस्त भीड़ थी। हाजी शहजाद ने बताया कि हाजियों ने एक-दूसरे की मदद की। कई लोगों की दबने से मौत हुई है जबकि कई गंभीर घायल हुए हैं।