अन्तर्राष्ट्रीय

मास्टरकार्ड के CEO ने कहा की- दुनिया को भारत-अमेरिका के बीच महागठबंधन की जरूरत

मास्टरकार्ड के सीईओ और अध्यक्ष अजय बंगा का मानना है कि भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक भागीदारी ‘महागठबंधन’ है, जिसकी दुनिया को जरूरत है। उन्होंने कहा कि दुनिया के दो महान लोकतांत्रिक देशों के बीच मजबूत रिश्ता दुनिया में बदलाव ला सकता है। अमेरिका-भारत रणनीतिक और भागीदारी मंच के दूसरे ‘लीडरशिप’ शिखर सम्मेलन में बंगा ने कहा, ‘मैं वास्तव में दुनिया में ऐसा समय देखना चाहता हूं कि जब दो महान लोकतांत्रिक देश सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से सभी स्तरों पर एक दूसरे से जुड़ें। मैं चाहता हूं कि न केवल भारतीय छात्र अमेरिका में पढ़े बल्कि और अमेरिकी छात्र भारत में पढ़ने के लिए जाएं।

दोनों देशों के डॉक्टर, नौकरशाह व कलाकार के बीच विचारों का आदान प्रदान हो। एक दूसरे के विचारों का सम्मान करते हुए स्वतंत्र होकर काम करें। भारत और अमेरिका के रिश्तों में काफी सुधार हुआ है, लेकिन मैं इसे और मजबूत होते देखना चाहता हूं। ’ बंगा ने कहा कि भारत-अमेरिका की भागीदारी महागठबंधन है।

यह महागठबंधन दुनिया में बदलाव ला सकता है। इस मौके पर मास्टरकार्ड के सीईओ को अमेरिका और भारत के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने में योगदान को लेकर वैश्विक उत्कृष्ठता पुरस्कार, 2019 से सम्मानित किया गया।

भारत के साथ मजबूत रिश्ते चाहता है ट्रंप प्रशासन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जे. कशनर ने कहा कि ट्रंप प्रशासन भारत-अमेरिका संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह फोकस है। अमेरिका-भारत रणनीतिक और भागीदारी मंच के दूसरे ‘लीडरशिप’ शिखर सम्मेलन में कशनर ने कहा कि भारत उन कुछ देशों में शामिल है जिससे साथ अमेरिका अपने रिश्तों को लगातार मजबूत बनाने की कोशिश कर रहा है। कशनर राष्ट्रपति ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार भी हैं।

बातचीत के जरिए सुलझ जाएगा मतभेद : शृंगला

इसी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे अमेरिका में भारत के राजदूत हर्षवर्धन शृंगला ने कहा कि व्यापार को लेकर दोनों देशों के बीच जो भी मतभेद हैं वो बातचीत के जरिए सुलझ जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका को अपने मजबूत रिश्तों के बीच सभी तरह की अड़चनों को दूर करने का प्रयास करना चाहिए।

हाल के दिनों में देनों देशों के बीच व्यापार शुल्क को लेकर रिश्तों में थोड़ी कड़वाहट आई है। पिछले दिनों भारत ने अमेरिका के 28 उत्पादों पर व्यापार शुल्क बढ़ा दिया था, जिस पर ट्रंप प्रशासन ने नाराजगी जताई थी।

भारत के साथ व्यापार असंतुलन से निराश है अमेरिका : गेरिश

अमेरिका के उप व्यापार प्रतिनिधि जेफरी डी गेरिश ने कहा कि भारत के साथ व्यापार संबंधों में संतुलन कमी से हम निराश हैं और इसे जल्द दूर किया जाना चाहिए। गेरिश से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि रॉबर्ट लाइटजर भी व्यापार असंतुलन का मुद्दा उठा चुके हैं।

भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों पर गेरिश ने कहा कि वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच व्यापार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिसे हल किया जाना चाहिए। इनमें दोनों देशों के बीच व्यापार असंतुलन शीर्ष पर है, जिसे दूर करने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button