राष्ट्रीय

वसुंधरा कर्जमाफी के वायदे पर सत्ता में आई, अब कर रही हैं अनदेखी : पायलट

जयपुर : राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार कर्ज माफी का वायदा कर सत्ता में आई थी, लेकिन अब उसने किसानों के प्रति बेरुखी अपना ली है। यही वजह है बदहाल खेती की वजह से कर्ज के बोझ से दबे किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा सरकार गत चार सालों से किसानों को छलने का काम कर रही है। कर्ज माफ करने के वायदे पर सत्ता में आई भाजपा ने किसानों के कर्जे माफ करने की जगह उन्हें मरने के लिए मजबूर कर दिया। कर्ज के बोझ तले दबे प्रदेश के 80 से ज्यादा किसान अब तक आत्महत्या कर चुके हैं।

पायलट ने श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में कहा भाजपा के राज में किसानों को न पानी मिल रहा है और न खाद-बीज। ये चीजें उन्हें महंगे दामों पर खुले बाजार से खरीदनी पड़ रही हैं। इससे कर्ज में डूबे किसानों पर और अधिक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद नहीं होने से किसानों को औने-पौने दामों में अपनी फसलें बेचनी पड़ रही है। विगत चार सालों में बीकानेर सम्भाग में मूंगफली की सरकारी खरीद नहीं होने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा भाजपा के राज में किसानों के प्रति संवेदनहीनता पराकाष्ठा पर जा पहुंची है। प्रदेश का किसान सरकार से पूरी तरह निराश हो चुका है। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी व सभी किसान संगठनों के दबाव में आकर सरकार ने कर्ज माफ करने की जगह कमेटी का गठन कर किसानों को फिर एक बार धोखा दिया है।

Related Articles

Back to top button