राज्यराष्ट्रीय

ससुराल गए युवक का कुएं में मिला शव

crimeगाजीपुर। जिले के सेमरा गांव में रविवार की सुबह ससुराल गए युवक किशोर राम (35) का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को निकालने के बाद ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दिया। करंडा थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुरा निवासी किशोर राम शनिवार की शाम पत्नी की विदाई कराने सेमरा अपने ससुराल गया था। ग्रामीणों के अनुसार रात में किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हो गया। रात ज्यादा होने की वजह से ग्रामीण अपने-अपने घरों में सोने चले गए। सुबह ससुराल के घर के पास स्थित कुएं में किशोर का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना किशोर के घरवालों को दी। घंटे भर बाद ग्रामीणों संग किशोर के पिता ससुराल पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद किशोर का शव कुएं से निकाला गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दिया। पिता शिवलोचन ने पुलिस को बताया कि करीब तीन माह पहले किशोर की पत्नी सजनी झगड़ा करके घर में रखे जेवरात व बच्चों संग मायके चली गई। कुछ दिन पहले किशोर पत्नी को लाने अपने ससुराल सेमरा गया। वहां ससुराल के लोग भला बुरा कहने के बाद किशोर को भगा दिया। कहा कि अगर दोबारा ससुराल आने की जुर्रत की तो जान से भी हाथ धो बैठोगे। इतना सुनने के बाद किशोर अपने तीनों बच्चों को घर लेकर चला आया। शनिवार को बच्चों की जिद पर किशोर पत्नी को लाने दोबारा ससुराल गया। किशोर के पिता का आरोप है कि ससुराल के लोग किशोर की हत्या करके उसका शव कुएं में फेक दिया है। कोतवाल आरके ओझा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

Related Articles

Back to top button