स्वास्थ्य

सावधान, दांतों की सड़न बना सकती है आपको दिल का रोगी

अधिकांश लोग दांतों में दर्द होने पर डेंटिस्ट के पास जाने की बजाय पेन किलर लेना पसंद करते हैं। हालांकि इससे थोड़े समय के लिए तो राहत मिल जाती है, लेकिन इससे बीमारी कम होने की बजाय बढ़ने लगती है। कहीं आप भी तो ऐसा नहीं करते। अगर ऐसा है तो संभल जाइए। आपकी यह लापरवाही आपको दिल का रोगी बना सकती हैं। इसका खुलासा एक शोध में किया गया है। l_gum-disease2-1470647638

इसमें दावा किया गया है कि रूट इंफेक्शन दिल से जुड़ी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। ‘जर्नल ऑफ डेंटल रिसर्च’ में प्रकाशित अध्ययन के निष्कर्ष बताते हैं कि मुंह का संक्रमण शरीर के अन्य हिस्सों को भी प्रभावित करता है। फिनलैंड स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ हेलसिंकी के शोधार्थी जॉन लिजेस्ट्रैंड के अनुसार, अगर आपको लगता है कि आपको रूट कैनाल कराने की जरूरत है तो इसमें देर नहीं लगाएं। 

ऐसा न हो कि इलाज में देरी की वजह से कोई दूसरी बीमारी शरीर में पनप जाए। विशेषज्ञों का दावा है कि जिन लोगों को दांतों की जड़ों से जुड़ी प्रॉब्लम होती है, उनमें एक्यूट कोरेनरी सिंड्रोम का खतरा 2.7 प्रतिशत तक बढ़ जाता है। डेंटल रूट टिप संक्रमण को एपिकल पीरियडोंटाइटिस भी कहते हैं। यह दांत की जड़ के ऊपरी भाग के चारों ओर एक तेज संक्रमण होता है। इसका एक प्रमुख कारण दांतों में सड़न होता है। 

इस शोध के लिए अध्ययनकर्ताओं ने फिनलैंड के 508 रोगियों का अध्ययन किया। इनकी औसत आयु 62 वर्ष थी। इस अध्ययन में पाया गया कि ये सभी लोग हार्ट पेशेंट थे। अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि अगर आप दिल से जुड़ी बीमारियों से बचना चाहते हैं तो आप रूट कैनाल कराने में देरी न करें। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ राजीव शर्मा का कहना है कि दांतों में कीड़े लगने पर अगर इसका जल्द इलाज नहीं कराया जाता है तो इसका प्रभाव दिल पर भी पड़ता है। ये कीड़े धीरे—धीरे ब्लड सप्लाई के दौरान हार्ट तक पहुंच जाते हैं और हार्ट को प्रभावित करना शुरू कर देते हैं।

 

 

Related Articles

Back to top button