राज्य

‌जाट आंदोलन का असर, हिमाचल ने बंद की बस सेवाएं

hrtc-shimla-569e76515dd2e_exlstदस्तक टाइम्स एजेंसी/ हरियाणा में जाट आंदोलन को लेकर मचे बवाल के बीच हिमाचल पथ परिवहन निगम ने शनिवार को वाया हरियाणा दिल्ली जाने वाली सभी सामान्य, डीलक्स और वोल्वो बसें चंडीगढ़ तक ही भेजीं। पहले ही दिन निगम के कुल 108 बस रूट प्रभावित हुए हैं।

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है जब तक जाट आरक्षण पर कोई फैसला नहीं आता तब तक बसें चंडीगढ़ तक ही चलाई जाएंगी। वहीं, हरिद्वार जाने वाली बसों को वाया हरियाणा के बजाए नाहन से भेजने का फैसला लिया गया है। ऐसे में अब आम लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बता दें कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और बड़े शहरों से दिल्ली के लिए निगम की सीधी बसें चलती हैं। हर महीने इन रूटों से करोड़ों रुपये की आमदनी होती है। जाट आंदोलन ज्यादा लंबा चला तो निगम को रोजाना लाखों रुपये की चपत लगेगी। लेकिन निगम इस समय भड़के आंदोलन को लेकर कोई रिस्क भी नहीं लेना चाहता।

उधर, शिमला-चंडीगढ़ एनएच पर शनिवार को पंचकूला में कुछ समय के लिए जाम लगा। इस रूट के भी बंद होने की आशंका है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि जाट आरक्षण आंदोलन के चलते दिल्ली के लिए बसें भेजनी बंद कर दी हैं। सभी बसों को चंडीगढ़ तक भेजा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button