राज्यराष्ट्रीय

12 मार्च को सादगी से संपन्न हुआ प्रियंका और रैना का ‘रोका’

raina rokdमेरठ: टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर सुरेश रैना और मेरठ की प्रियंका चौधरी जल्दी ही शादी के पवित्र बंधन में बंध जाएंगे। सूत्रों की मानें तो 12 मार्च को परतापुर बाइपास स्थित होटल गॉडविन में ‘रोका’ की रस्म साधारण तरीके से संपन्न हुई। इस दौरान प्रियंका अपने परिजनों के साथ मौजूद थीं। इसमें दोनों परिवारों के कुल 60 लोग शामिल हुए। प्रियंका के पिता चौधरी तेजपाल की तरफ से होटल में यह कार्यक्रम गोपनीय तरीके से रखा गया था। जानकारी के मुताबिक, प्रियंका के घर के पास ही स्थित होटल गॉडविन में रैना को छोड़कर परिवार और रिश्तेदार इस रस्म में शामिल हुए। इसमें प्रियंका के पिता तेजपाल सिंह, माता सुशीला सिंह, दोनों भाई अभिषेक और विवेक सहित उनके करीबी रिश्तेदार सुबह करीब 11:30 बजे मेहमानों के स्वागत के लिए पहुंच गए थे। इसके बाद प्रियंका करीब दो बजे होटल पहुंची। लाल रंग की साड़ी में वह बेहद सुंदर लग रही थी। करीब ढाई बजे रैना के पिता और परिवार के लोग ‘रोका’ की रस्म करने यहां पहुंचे। यह रस्म बड़ी ही सादगी से संपन्न की गई।

बताया जा रहा है कि हल्के म्यूजिक के बीच रोका की रस्म पूरी की गई। प्रियंका के घरवालों ने मेहमानों के लिए वेजिटेरियन खाने का इंतजाम किया था। रस्म पूरी करने और भोज में शामिल होने के बाद मेहमान करीब 6 बजे चले गए। सूत्रों के अनुसार अप्रैल के पहले सप्ताह में ही दोनों की शादी होगी। इसकी वजह यह है कि वर्ल्ड कप खेलने के बाद आठ अप्रैल से आईपीएल मैच में शुरू हो जाएंगे। इस वजह से रैना के वर्ल्ड कप खेलकर आते ही शादी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button