अजित पवार विमान हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग, बड़े बेटे जय बोले- ‘ब्लैक बॉक्स नष्ट होना संभव नहीं’

नई दिल्ली : महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे जय पवार ने हालिया विमान दुर्घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में जय पवार ने कहा कि विमान दुर्घटना में ब्लैक बॉक्स का “सहज रूप से नष्ट हो जाना” संभव नहीं है और इस पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जय के बाद शिवसेना यूबीटी सांसद अनिल देसाई ने इस हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जय पवार ने लिखा कि महाराष्ट्र की जनता को इस हृदयविदारक दुर्घटना का “पूर्ण, पारदर्शक और निर्विवाद सत्य” जानने का अधिकार है। उन्होंने मांग की कि संबंधित एयरलाइन की उड़ानों को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और विमानों के रखरखाव में संभावित गंभीर अनियमितताओं की गहन जांच की जाए।
जय पवार ने यह भी कहा कि पूरे प्रकरण में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। अपने भावुक संदेश के अंत में जय पवार ने “मिस यू डैड” लिखते हुए अपने पिता को याद किया।



