बिहार

बिहार में सत्ता परिवर्तन की उलटी गिनती शुरू: 12 अप्रैल को नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा, 14 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री की शपथ संभव

पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आने वाला है। राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अब तय समयसीमा के भीतर आगे बढ़ती दिख रही है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 12 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा देंगे, जबकि 14 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की संभावना जताई जा रही है। इसी दिन नए मंत्रिमंडल का भी गठन किया जाएगा।

दिल्ली दौरे के बाद इस्तीफे की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली रवाना होंगे। 10 अप्रैल को वह राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसके बाद 11 अप्रैल को उनकी वापसी होगी और 12 अप्रैल को वह औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। इस पूरी प्रक्रिया को संवैधानिक और राजनीतिक रूप से संतुलित तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

13 अप्रैल को एनडीए की बैठक में तय होगा नया चेहरा

एनडीए खेमे से मिल रही जानकारी के मुताबिक, 13 अप्रैल को विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है। इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी भी संभावित है। इसके बाद नए नेता के नेतृत्व में राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।

जदयू में भी संगठनात्मक हलचल तेज

इसी बीच जनता दल (यूनाइटेड) में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार का चौथा कार्यकाल इसी महीने शुरू होने जा रहा है। इस सिलसिले में देशभर से पार्टी पदाधिकारी पटना पहुंचेंगे और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लेंगे।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठकों का आयोजन भी प्रस्तावित है। खास बात यह होगी कि पहली बार नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए नहीं, बल्कि एक अलग भूमिका में कार्यकारिणी को संबोधित करेंगे।

राज्यसभा सदस्य बनने के बाद संवैधानिक प्रक्रिया पूरी

गौरतलब है कि नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। संवैधानिक प्रावधानों के तहत उन्हें 14 दिनों के भीतर अपनी पुरानी सदस्यता छोड़नी थी। इसी के तहत उन्होंने 30 मार्च को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसे उसी दिन स्वीकार भी कर लिया गया।

अब सभी निगाहें 13 और 14 अप्रैल पर टिकी हैं, जब बिहार में सत्ता परिवर्तन की औपचारिक तस्वीर साफ हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button