
UP RO/ARO चयनित अभ्यर्थियों के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का शेड्यूल जारी, 15 अप्रैल को होगा सत्यापन
प्रयागराज में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ) परीक्षा-2023 में चयनित अभ्यर्थियों के लिए अभिलेख सत्यापन की तिथि घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार, सभी चयनित उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 15 अप्रैल को कराया जाएगा।
प्रयागराज मुख्यालय में होगा अभिलेख सत्यापन
आयोग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, अभिलेख सत्यापन प्रयागराज स्थित मुख्यालय के संस्कृत भवन में आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। बता दें कि आरओ/एआरओ परीक्षा-2023 का परिणाम 5 अप्रैल को घोषित किया गया था, जिसमें कुल 419 पदों पर चयन किया गया है।
पद और क्रमांक के अनुसार तय किया गया समय
उप सचिव वीरेंद्र मणि त्रिपाठी के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को उनके पद और चयन क्रमांक के आधार पर अलग-अलग समय पर बुलाया गया है। इससे सत्यापन प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
सुबह और दोपहर दो शिफ्ट में बुलाए गए अभ्यर्थी
समीक्षा अधिकारी, उत्तर प्रदेश सचिवालय पद के लिए सबसे अधिक 210 अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे से बुलाया गया है। वहीं, इसी पद के अन्य 112 अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे से उपस्थित होना होगा।
इसके अलावा सहायक समीक्षा अधिकारी, सचिवालय के चयन क्रमांक 1 से 40 तक के अभ्यर्थियों को भी दोपहर 1:30 बजे बुलाया गया है। अन्य विभागों जैसे राजस्व परिषद, लोक सेवा आयोग और लेखा शाखा के पदों के लिए भी अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन डाउनलोड करें आवेदन पत्र
अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने ओटीआर नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर अभिलेख सत्यापन हेतु पूर्ण आवेदन पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट लेना होगा।
इन दस्तावेजों को साथ लाना अनिवार्य
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान अभ्यर्थियों को दो सेट स्वप्रमाणित शैक्षिक प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, आरक्षण से जुड़े दस्तावेज, दो राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित फोटो और तीन स्वप्रमाणित पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य किया गया है।



