सम्पूर्ण समाधान दिवस: मेरठ सदर तहसील में पिंक समाधान दिवस पर डीएम और एसएसपी ने सुनी शिकायतें
Meerut News: तहसील सदर मेरठ में सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अन्तर्गत “पिंक समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉक्टर वीके सिंह और एसएसपी मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति ने फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिये , मिशन शक्ति में सहयोग करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित किया गया।
समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये
तहसील सदर, जनपद मेरठ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी, मेरठ महोदय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ महोदय द्वारा फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों के संबंध में अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण करते हुए निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।

पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया
पुलिस एवं राजस्व से संबंधित प्रकरणों में आवश्यकतानुसार संयुक्त रूप से जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने तथा किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिये गये। साथ ही फरियादियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को प्राथमिकता देते हुए शासन की मंशानुरूप ‘पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्यवाही’ सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया
इस क्रम में मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की ‘सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन’ हेतु संचालित ‘मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0’ के अन्तर्गत तहसील परिसर में जनपद स्तर पर “पिंक समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। पिंक समाधान दिवस के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को ऐसा सुरक्षित एवं सहज मंच उपलब्ध कराया गया, जहां वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को बिना किसी संकोच के संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकें तथा उनका प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
महिलाओं एवं बालिकाओं को डीएम और एसएसपी ने किया सम्मानित
इस अवसर पर सामाजिक कार्यों, महिला सशक्तिकरण, जन-जागरूकता तथा मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग प्रदान करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को जिलाधिकारी, मेरठ महोदय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ महोदय द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, मेरठ एवं क्षेत्राधिकारी कार्यालय/मीडिया सेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

सहायता सेवाओं से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया गया
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में पुलिस एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं पिंक समाधान दिवस के माध्यम से जनपद मेरठ में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तिकरण हेतु निरंतर प्रभावी प्रयास किये जा रहे हैं।



