
बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार और बांग्लादेश तक बने चक्रवाती परिसंचरण के असर से राज्य के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में जहां हल्की बारिश होगी, वहीं इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
तेज हवाएं और बादलों की आवाजाही जारी
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है।
3-4 दिनों में 4 से 6 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे राज्य में गर्मी का असर एक बार फिर तेज हो जाएगा।
किशनगंज में तेज हवाएं, कई जिलों में बारिश
गुरुवार को किशनगंज में 46 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई। जमुई में सबसे अधिक 40.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इन इलाकों में दर्ज हुई उल्लेखनीय बारिश
जमुई के लक्ष्मीपुर में 38.6 मिमी, नवादा के कौआकोल में 26.2 मिमी, अररिया के सिकटी में 24.2 मिमी, कटिहार के कुरसेला में 21.2 मिमी, बांका के रजौंद में 20.2 मिमी, जमुई के सोनू में 16.2 मिमी, कटिहार के मनीहारी में 16.2 मिमी और खगड़िया के परबत्ता में 15.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा किशनगंज के टेढ़ागाछ में 14.8 मिमी, मुंगेर के संग्रामपुर में 13.2 मिमी, नवादा के गोविंदपुर में 12.8 मिमी, भागलपुर के नाथनगर में 12.6 मिमी, मुंगेर के तारापुर में 12.2 मिमी, किशनगंज के चरघरिया में 11.2 मिमी और भागलपुर के बिहपुर में 10.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
पटना में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कैमूर में 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। छपरा, गया, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज को छोड़कर अन्य जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी पटना सहित कई क्षेत्रों में मौसम फिलहाल सामान्य बना हुआ है।



