नैनीताल : नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज में शनिवार को आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया और छात्रों को आधुनिक शिक्षा व नवाचार के लिए प्रेरित किया।
भीमताल क्षेत्र के लिए विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने भीमताल में उप-तहसील बनाए जाने की घोषणा की, जिससे स्थानीय लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं नजदीक ही उपलब्ध हो सकेंगी। ओखलकाण्डा के भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय की स्थापना भी की जाएगी।

इसके अलावा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित करने की बात कही गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
किसानों के लिए मंडी और कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था
कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए रामगढ़, धारी और ओखलकाण्डा में किसानों के लिए मंडियों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, लेटीबुंगा और सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज बनाए जाने की घोषणा की गई, जिससे किसानों को अपने उत्पादों के भंडारण और बेहतर मूल्य मिलने में मदद मिलेगी।

युवाओं के लिए खेल और तकनीकी सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने ककोड़ और दाड़िम में मिनी स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेल के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन लैब की स्थापना, कंप्यूटर विभाग के उन्नयन और ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर हेतु 50-50 लाख रुपये की धनराशि देने का भी ऐलान किया।
युवाओं को बताया देश की सबसे बड़ी ताकत
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का भविष्य प्रतिभाशाली और संकल्पवान युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उसे सही दिशा देने की है।
तकनीकी शिक्षा और नवाचार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और युवाओं को नई संभावनाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। साथ ही 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण किया जा रहा है।
स्टार्टअप और रोजगार को मिल रहा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। राज्य में ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ और शोध प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है। पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने की बात भी उन्होंने कही।
संस्थान की भूमिका और छात्रों की सराहना
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में छात्रों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता व नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान वर्षों से तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है और यहां के छात्र देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और छात्र रहे मौजूद
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




