
शादी की खुशियां मातम में बदलीं: हापुड़ में बस-ट्रक की भीषण टक्कर, 6 की मौत, 13 घायल
धौलाना (हापुड़)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। धौलाना-मसूरी मार्ग पर अरविंद डेयरी के पास करीब रात 1:30 बजे बारात से लौट रही बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ट्रक के नीचे जा घुसी और दोनों वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गए।
मौके पर मची अफरातफरी, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। बस में फंसे लोगों को निकालने के लिए करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हाईड्रा मशीन की मदद से बस को ट्रक के नीचे से हटाकर घायलों और शवों को बाहर निकाला गया।
छह लोगों की मौत, कई घायल अस्पताल में भर्ती
इस दर्दनाक हादसे में सोनू पुत्र जहीर, यूसुफ पुत्र बशीर, अख्तर पुत्र हमीद, यूनुस पुत्र कदीर, मुन्ना पुत्र मेहरबान और बस चालक अशोक पुत्र रतिराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 13 लोग घायल हो गए, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी का इलाज जारी है।
अधिकारियों ने लिया जायजा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी पिलखुवा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बारात से लौटते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि डासना निवासी इकराम कुरैशी के पुत्र की बारात गुलावठी से लौट रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिसने एक खुशहाल मौके को गहरे शोक में बदल दिया।



