उत्तर प्रदेशराज्य

अमरनाथ यात्रा 2026 के पंजीकरण शुरू होते ही मथुरा में हंगामा, धीमी प्रक्रिया और भीड़ से बैंक पर बढ़ा दबाव

मथुरा। अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होते ही मथुरा में भारी भीड़ और अव्यवस्था देखने को मिली। सौंख अड्डा स्थित यस बैंक शाखा पर पंजीकरण की धीमी रफ्तार और गर्मी के बीच उमड़ी भीड़ से नाराज आवेदकों ने हंगामा कर दिया। हालांकि बाद में बैंक कर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया।

पहले दिन 45 यात्रियों का हुआ पंजीकरण
पंजीकरण प्रक्रिया के पहले दिन बुधवार को कुल 45 आवेदकों का रजिस्ट्रेशन किया गया, जबकि शेष आवेदकों के पंजीकरण गुरुवार और शुक्रवार को किए जाने की बात कही गई है। पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग पंजीकरण कराने बैंक शाखाओं पर पहुंच गए, जिससे व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया।

भीड़ और तकनीकी दिक्कतों से बढ़ी परेशानी
डैंपियर नगर स्थित यस बैंक शाखा पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली, जहां सर्वर संबंधी दिक्कतों और एक ही आईडी से पंजीकरण प्रक्रिया चलने के कारण काम धीमा पड़ गया। इससे आवेदकों को लंबा इंतजार करना पड़ा और नाराजगी के चलते कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई।

बैंक प्रशासन के अनुसार करीब 100 आवेदकों के फॉर्म पहले दिन ही जमा हुए, जिन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए दो दिन बाद बुलाया गया है।

यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त तक
अमरनाथ यात्रा 2026 का आयोजन 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगा। पंजीकरण के लिए सरकार ने श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ पीएनबी, एसबीआई, जम्मू एंड कश्मीर बैंक और यस बैंक को अधिकृत किया है।

पंजीकरण नियम और जरूरी दस्तावेज
यात्रा के लिए प्रति यात्री 220 रुपये का ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही 8 अप्रैल 2026 या उसके बाद जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और आधार कार्ड अनिवार्य रखा गया है। यात्रा के लिए आयु सीमा 13 से 70 वर्ष तय की गई है।

सुरक्षा कारणों से प्रत्येक यात्री के लिए आरएफआईडी कार्ड अनिवार्य होगा। वहीं, छह सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैंक प्रबंधन का बयान
यस बैंक शाखा प्रबंधक सुखवीर सिंह ने किसी भी तरह के हंगामे से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया नियमों के अनुसार सुचारू रूप से चल रही है, हालांकि शुरुआती भीड़ के कारण कुछ समय के लिए दबाव जरूर बढ़ा।

Related Articles

Back to top button