उत्तराखंड

चारधाम यात्रा से पहले ग्राउंड जीरो पर सीएम धामी, रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक किया निरीक्षण; अफसरों को दिए सख्त निर्देश

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा की शुरुआत से पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। 19 अप्रैल से शुरू हो रही यात्रा और 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

हितधारकों से संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

मुख्यमंत्री ने यात्रा से जुड़े विभिन्न हितधारकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मुद्दों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष जोर देते हुए श्रद्धालुओं के साथ सौम्य और मानवीय व्यवहार अपनाने के निर्देश भी दिए।

रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक स्थलीय निरीक्षण

मुख्यमंत्री धामी ने रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवाड़ी बाइपास, निर्माणाधीन सुरंग, तिलवाड़ा में हटाए गए अतिक्रमण और बांसवाड़ा व कुंड-काकड़ागाड़ जैसे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने सड़कों के पेचवर्क, झाड़ियों की कटाई, साइनेज, क्रैश बैरियर और अन्य सुरक्षा उपायों की स्थिति की समीक्षा की और लंबित कार्यों को यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

हेलीपैड और पुलिस चौकियों की सुविधाओं पर जोर

गुप्तकाशी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने हेलीपैड पर यात्री शेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के पास स्थित पुलिस चौकियों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।

गैस आपूर्ति और स्थानीय रोजगार पर फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा के दौरान गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार से अतिरिक्त आपूर्ति की मांग की गई है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को यात्रा से जोड़ने और ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।

पैदल मार्गों पर मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने पैदल मार्गों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं पहले से ही चाक-चौबंद रहें।

Related Articles

Back to top button