उत्तर प्रदेशकरिअरराज्य

ऑटो चालक की बेटी ने रचा इतिहास: लखनऊ की आंचल गुप्ता ने यूपी बोर्ड में टॉप-10 में बनाई जगह, बोलीं—इंजीनियर बनना है सपना

लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है, जहां सीमित संसाधनों के बावजूद एक छात्रा ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ा मुकाम हासिल किया है। हीरालाल यादव इंटर कॉलेज की मेधावी छात्रा आंचल गुप्ता ने हाईस्कूल परीक्षा में 90.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की टॉप-10 सूची में छठवां स्थान हासिल किया है।

दरोगा खेड़ा की रहने वाली आंचल गुप्ता एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता ऑटो चालक हैं, जिन्होंने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। आंचल की इस उपलब्धि से उनके परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

कठिन हालात में मेहनत बनी सफलता की कुंजी

आंचल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी इस कामयाबी की असली वजह है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पढ़ाई के दौरान समय का सही प्रबंधन किया और हर विषय पर लगातार ध्यान दिया।

इंजीनियर बनने का सपना, आगे बढ़ने का संकल्प

अपने भविष्य को लेकर आंचल का लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है। वह बीटेक कर एक सफल इंजीनियर बनना चाहती हैं। इसके लिए वह आगे भी पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने की बात कहती हैं।

विद्यालय ने बताया प्रेरणा की मिसाल

विद्यालय प्रबंधन ने आंचल की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और संघर्ष अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। स्कूल ने उम्मीद जताई कि आंचल भविष्य में भी इसी तरह अपने लक्ष्य को हासिल कर नई ऊंचाइयों को छुएंगी।

Related Articles

Back to top button