उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने कैंप कार्यालय में सुनी जनसमस्याएं, मौके पर कई मामलों का किया निस्तारण, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी किया।

अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आर्थिक सहायता से जुड़े विभिन्न प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब न हो और सभी मामलों की नियमित निगरानी की जाए।

जनसुनवाई को बताया शासन और जनता के बीच सशक्त माध्यम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आमजन के प्रति अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई सरकार और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है, जिससे न केवल समस्याओं का समाधान होता है बल्कि शासन की कार्यप्रणाली में भी सुधार आता है।

फिल्म नीति पर एसोसिएशन ने जताया आभार
इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म टेलीविजन एंड रेडियो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य में प्रभावी फिल्म नीति लागू किए जाने पर मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र सौंपा और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई फिल्म नीति से उत्तराखंड फिल्म निर्माण के क्षेत्र में तेजी से एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।

छात्राओं ने पेश किए सरकार की योजनाओं पर पोस्टर
जन जागरण अभियान समिति के तत्वावधान में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राज्य सरकार की 15 उत्कृष्ट योजनाओं पर आधारित आकर्षक पोस्टर तैयार कर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए। छात्राओं ने इन योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को मिल रहे लाभ के लिए आभार भी व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने की छात्राओं की सराहना
मुख्यमंत्री ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां न केवल विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाती हैं, बल्कि उन्हें समाज और शासन से जुड़े विषयों के प्रति संवेदनशील भी बनाती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है और आगे भी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, अपर आयुक्त गढ़वाल उत्तम सिंह चौहान सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button