राज्यहरियाणा

हरियाणा में युवाओं के लिए बड़ा ऐलान, जिला स्तर पर बढ़ेंगे रोजगार मेले; कौशल प्रशिक्षण पर सरकार का फोकस

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार अब जिला स्तर पर रोजगार मेलों की संख्या बढ़ाएगी, ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर नौकरी के अधिक अवसर मिल सकें। इसके साथ ही तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा, औद्योगिक प्रशिक्षण और रोजगार विभागों के माध्यम से युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं का कार्य तय समयसीमा में पूरा होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित करने पर विशेष जोर दिया।

स्वास्थ्य परियोजनाओं की समीक्षा, कई बड़े अस्पताल निर्माणाधीन

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि फरीदाबाद सिविल अस्पताल में बन रहे ‘मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल’ और सर्विस ब्लॉक का करीब 28 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस परियोजना को 18 जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

वहीं, सोनीपत सिविल अस्पताल परिसर में 138 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 100 बिस्तरों वाले मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का लगभग 20 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस परियोजना को 19 अक्टूबर 2027 तक पूरा किए जाने की योजना है।

इसके अलावा करनाल में 76 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 100 बिस्तरों वाले अस्पताल का 25 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।

फरीदाबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का काम आधा पूरा

फरीदाबाद के सेक्टर-78 में 379 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का करीब 50 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना फरवरी 2027 तक पूरी होने की संभावना है।

इसी तरह करनाल में 423 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय परिसर का निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब तक 43 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है।

पानीपत चीनी मिल में लगेगा इथेनॉल प्लांट

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में पानीपत चीनी मिल में 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 90 केएलपीडी क्षमता वाला नया मल्टी-फीड इथेनॉल प्लांट स्थापित करने को भी मंजूरी दी गई। इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए मामला हाई-पावर्ड परचेज कमेटी के पास भेजा गया है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027-28 तक इस परियोजना को पूरा करने का है।

जींद में बनेगा आधुनिक फायर ट्रेनिंग सेंटर

राज्य में अग्निशमन सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जींद के खेड़ी मसानिया में 100 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक फायर ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है और ड्राइंग-डिजाइन तैयार करने के लिए दो करोड़ रुपये लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर दिए गए हैं।

इसके साथ ही आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से 120 करोड़ रुपये की लागत से 104 मीटर ऊंचे एरियल लैडर प्लेटफॉर्म की खरीद भी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button