उत्तर प्रदेशराज्य

रामनगरी पहुंचे सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी, पत्नी संग किए रामलला के दर्शन; मंदिर निर्माण कार्य का भी लिया जायजा

अयोध्या : भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी शुक्रवार को अपनी पत्नी सुनीता द्विवेदी के साथ रामनगरी अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश की सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना की। रामलला के दर्शन के साथ उन्होंने राम जन्मभूमि परिसर में चल रहे मंदिर निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया और निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।

जनरल उपेंद्र द्विवेदी सुबह सेना के विशेष विमान से महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से वह सीधे डोगरा रेजीमेंटल सेंटर स्थित अतिथि गृह गए, जहां स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर जितेंद्र शर्मा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सैन्य अधिकारियों के साथ रामजन्मभूमि परिसर के लिए रवाना हुए।

राम मंदिर में किया दर्शन-पूजन, ट्रस्ट ने किया स्वागत

राम मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया गया। उन्होंने रामलला और राम परिवार के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद उन्हें प्रसाद भी भेंट किया गया।

राम जन्मभूमि परिसर स्थित सभागार में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने उनका स्वागत करते हुए स्मृति चिह्न भेंट किया। निजी दौरे पर आए सेना प्रमुख करीब 35 मिनट तक परिसर में रहे और मंदिर निर्माण की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

हनुमानगढ़ी में भी टेका माथा

राम मंदिर पहुंचने से पहले जनरल उपेंद्र द्विवेदी हनुमानगढ़ी भी गए, जहां उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने देश की सुरक्षा, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

उनके दौरे को देखते हुए हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्तैद रहे।

नेपाल के नेता रवि लामिछाने ने भी किए रामलला के दर्शन

शुक्रवार को नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि लामिछाने भी अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे। उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन किए। अयोध्या पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। दर्शन के बाद वह नेपाल के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button