उत्तराखंड

दिल्ली अग्निकांड में शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी पर बढ़ी सियासी हलचल, सीएम धामी ने रेखा गुप्ता से की बात; निष्पक्ष जांच का मिला भरोसा

देहरादून: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में उत्तराखंड के शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बातचीत की और पूरे प्रकरण की पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री धामी ने बातचीत के बाद कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ उनकी चर्चा सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जांच पूरी तरह तथ्यों तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ेगी।

‘सत्य सामने लाने के लिए होगी निष्पक्ष जांच’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि दिल्ली सरकार और संबंधित जांच एजेंसियां निष्पक्षता के साथ मामले की जांच कर सत्य को सामने लाएंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना पर्याप्त आधार के परेशान नहीं किया जाना चाहिए और न्यायिक प्रक्रिया का पूरी तरह पालन होना चाहिए।

केशव नेगी की बेटी से भी की बातचीत

मुख्यमंत्री नेगी परिवार के संपर्क में भी आए। उन्होंने शेफ केशव नेगी की बेटी कनिष्का नेगी से बातचीत कर परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार अपने सभी प्रवासी नागरिकों के साथ खड़ी है और संकट की घड़ी में उनकी सहायता करना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार परिवार को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सांसदों ने भी उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

मामले को लेकर हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी सक्रिय नजर आए। दोनों नेताओं ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से बातचीत कर जांच में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने की मांग की है।

मालवीय नगर अग्निकांड में गई थीं 21 लोगों की जान

गौरतलब है कि 3 जून को दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में भीषण आग लग गई थी। सुबह के समय हुए इस हादसे में बेसमेंट में फंसे 21 लोगों की धुएं और आग की चपेट में आने से मौत हो गई थी। हादसे में कई अन्य लोग घायल भी हुए थे।

राहत और बचाव अभियान के दौरान कई पुलिसकर्मी भी धुएं और आग की चपेट में आकर घायल हुए थे। मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की भी बताई गई थी।

होटल मालिक पहले ही हो चुका है गिरफ्तार

अग्निकांड की जांच के दौरान पुलिस पहले ही होटल के मालिक को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मामले में अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इसी क्रम में शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिस पर निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button