राजनीति

BJP को दिया सामूहिक नेतृत्व का मंत्र, शुभेंदु अधिकारी बोले- ‘मैं नहीं, हम’ की भावना से करें काम

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भाजपा संगठन को मजबूत बनाने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सामूहिक नेतृत्व का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा का हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी ‘मैं नहीं, हम’ के सिद्धांत को अपनाते हुए संगठन और सरकार को आगे बढ़ाने का काम करे।

कोलकाता के निकट न्यू टाउन में आयोजित भाजपा के विशेष प्रशिक्षण शिविर की तैयारी बैठक को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वह सामूहिक नेतृत्व में विश्वास रखते हैं। उनका मानना है कि संगठन की सफलता तभी संभव है जब सभी लोग मिलकर काम करें और हर स्तर पर समन्वय बनाए रखें।

सरकारी तंत्र में नकारात्मक सोच पर जताई चिंता

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकारी अधिकारियों का एक वर्ग नई भाजपा सरकार की योजनाओं और नीतियों को लागू करने को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण नहीं रखता। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर मौजूद नकारात्मक सोच को बदलना जरूरी होगा।

जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना बड़ी जिम्मेदारी

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि हालिया विधानसभा चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता के सामने बदलाव का विजन रखा था। उन्होंने कहा कि उन वादों और उम्मीदों को पूरा करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री के रूप में उनके कंधों पर है और वह इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।

वाम और तृणमूल शासन के बाद नई दिशा देने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने लंबे समय तक वाम मोर्चा और उसके बाद तृणमूल कांग्रेस का शासन देखा है। ऐसे में भाजपा संगठन, जनप्रतिनिधियों और सरकार को मिलकर पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाना होगा। साथ ही केंद्र सरकार की तर्ज पर जनता से किए गए वादों और गारंटियों को धरातल पर उतारना भी जरूरी है।

पश्चिम बंगाल में बनेगा अलग आयुष विभाग

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि केंद्र सरकार की तर्ज पर पश्चिम बंगाल में आयुष के लिए अलग विभाग बनाया जाएगा। उनका कहना है कि इससे पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा मिलेगा और राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों को सहायता देने का ऐलान

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले भाजपा के 315 कार्यकर्ताओं के परिवारों को राज्य सरकार सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया था। सरकार प्रभावित परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी देगी।

Related Articles

Back to top button