Pakistan में बवाल: सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच खूनी संघर्ष, 8 की मौत; हालात तनावपूर्ण

रावलकोट: पाकिस्तान के रावलकोट शहर में हालात अचानक हिंसक हो गए, जब सुरक्षाबलों और नागरिकों के बीच हुई भीषण झड़पों में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार सुरक्षाकर्मी भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान सरकार द्वारा जे.ए.ए.सी. नामक संगठन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। इसके विरोध में बड़ी संख्या में नागरिक सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और सुरक्षाबलों के साथ टकराव की स्थिति बन गई।
बैन के विरोध में भड़का जनाक्रोश
बताया जा रहा है कि जे.ए.ए.सी. एक ऐसा संगठन है जो शरणार्थियों के लिए आरक्षित 12 सीटों को समाप्त करने की मांग कर रहा था। सरकार द्वारा संगठन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद समर्थकों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें शुरू हो गईं। कई स्थानों पर टकराव, पथराव और बल प्रयोग की घटनाएं सामने आईं।
चार सुरक्षाकर्मियों समेत आठ लोगों की मौत
हिंसा के दौरान चार सुरक्षाकर्मियों सहित कुल आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं।
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद रावलकोट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी नई अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।



