5 से ज्यादा चालान तो तुरंत हो जाएं अलर्ट! जम्मू में 280 वाहन जब्त, 3000 गाड़ियां ब्लैकलिस्ट; ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जम्मू : यातायात नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जम्मू ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। बीते करीब एक सप्ताह के दौरान पुलिस ने ऐसे 280 वाहनों को जब्त किया है, जिनकी पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) पहले ही रद्द की जा चुकी थी। इसके साथ ही पांच से अधिक लंबित चालान वाले करीब 3000 वाहनों को ब्लैकलिस्ट भी कर दिया गया है।
ट्रैफिक विभाग के अनुसार, कई वाहन मालिकों के खिलाफ ओवरस्पीडिंग, रेड लाइट जंप, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने समेत विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले दर्ज थे। इन वाहनों पर ई-चालान जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय के भीतर चालान का भुगतान नहीं किया गया।
5 से ज्यादा लंबित चालान पर रद्द हुई आरसी
अधिकारियों ने बताया कि जिन वाहनों पर पांच से अधिक चालान लंबित पाए गए और वाहन मालिकों ने उनका निपटारा नहीं किया, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए आरसी रद्द कर दी गई। आरसी रद्द होने के बाद ऐसे वाहनों का सार्वजनिक सड़कों पर संचालन पूरी तरह अवैध माना जाता है।
इसके बावजूद कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए इन वाहनों को सड़कों पर दौड़ा रहे थे। इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया।
नाकों और चौराहों पर चल रही सघन जांच
विशेष अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और नाकों पर वाहनों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जिन वाहनों की आरसी रद्द पाई जा रही है, उन्हें मौके पर ही जब्त किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल जुर्माना वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। बार-बार नियम तोड़ने वाले चालक खुद के साथ-साथ अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डालते हैं।
ट्रैफिक विभाग ने दी चेतावनी
ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने कहा कि विभाग का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि सड़कों पर अनुशासन स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि पांच या उससे अधिक लंबित चालान वाले और आरसी रद्द हो चुके वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नाकों पर तैनात पुलिस कर्मियों को वाहनों के रिकॉर्ड की ऑनलाइन जांच के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी वाहन की आरसी रद्द पाई जाती है तो उसे तत्काल जब्त किया जाता है।
3000 वाहन हुए ब्लैकलिस्ट
यातायात आयुक्त कार्यालय ने हाल ही में करीब 3000 ऐसे वाहनों को ब्लैकलिस्ट किया है, जिन पर पांच से अधिक चालान लंबित थे। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने और चालान का भुगतान न करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
विभाग के अनुसार, ब्लैकलिस्ट किए गए वाहनों की आरसी और अन्य ऑनलाइन सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। जब तक लंबित चालानों का निपटारा नहीं किया जाएगा, तब तक वाहन मालिक इन सेवाओं का लाभ नहीं उठा सकेंगे।
वाहन मालिकों से की गई अपील
ट्रैफिक विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने लंबित चालानों का भुगतान करें, वाहन संबंधी सभी दस्तावेज अपडेट रखें और यातायात नियमों का पालन करें। इससे न केवल कार्रवाई से बचा जा सकेगा बल्कि सड़क सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।



