बिहारराज्य

बांकीपुर उपचुनाव में BJP का बड़ा फैसला! नामांकन के अगले ही दिन बदला उम्मीदवार, अभिषेक बंटी ने वापस लिया नाम

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा राजनीतिक फैसला लिया है। पार्टी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी ने नामांकन दाखिल करने के महज एक दिन बाद अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा ने तत्काल नए उम्मीदवार के रूप में नीरज कुमार सिन्हा को चुनाव मैदान में उतार दिया।

अभिषेक बंटी ने प्रेस वार्ता में नाम वापस लेने की वजह पारिवारिक कारण बताई है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार पार्टी ने संभावित विवादों और चुनावी जोखिम से बचने के लिए यह फैसला लिया है।

पिता के पुराने मामले को लेकर बढ़ी थी चिंता

सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक बंटी का नाम वापस लेने के पीछे उनके पिता रविंद्र प्रसाद सिन्हा से जुड़ा पुराना मामला प्रमुख वजह माना जा रहा है। रविंद्र प्रसाद सिन्हा बहुचर्चित चारा घोटाले में दोषी ठहराए जा चुके हैं। वह उस समय मेसर्स मगध केमिकल्स कॉर्पोरेशन में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।

बताया जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व को आशंका थी कि चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष चारा घोटाले और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर पार्टी पर हमलावर हो सकता है, जिससे चुनावी माहौल प्रभावित होने की संभावना थी।

नामांकन पत्र में भी सामने आईं विसंगतियों की चर्चा

सूत्रों के अनुसार, अभिषेक बंटी के नामांकन पत्र को लेकर भी कुछ तकनीकी और दस्तावेजी सवाल सामने आए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने नामांकन में खुद को 10वीं पास बताया था, लेकिन शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच के दौरान कुछ विसंगतियों की चर्चा हुई।

सूत्रों का दावा है कि पार्टी को आशंका थी कि नामांकन पत्रों की जांच के दौरान किसी तकनीकी आधार पर उनका नामांकन रद्द हो सकता है। इसी संभावित स्थिति से बचने के लिए समय रहते उम्मीदवार बदलने का निर्णय लिया गया।

नीरज कुमार सिन्हा को बनाया नया उम्मीदवार

भाजपा ने अभिषेक बंटी की जगह 32 वर्षीय नीरज कुमार सिन्हा को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। नीरज कुमार सिन्हा लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं। वह वर्ष 2006 से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और बूथ अध्यक्ष से लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष तक विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

30 जुलाई को होगा मतदान

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित है। इस सीट पर जनसुराज की ओर से प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है।

Related Articles

Back to top button