मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक बढ़ी
पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित थी।
Meerut News: खेल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 में विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित थी।
तकनीकी कारणों से आवेदन नहीं कर पाए
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि अनेक अभ्यर्थी तकनीकी अथवा अन्य कारणों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे। विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तक विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे कोई भी पात्र अभ्यर्थी प्रवेश के अवसर से वंचित न रहे।
विस्तारित अवधि का भरपूर लाभ उठाने की अपील
विश्वविद्यालय ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस विस्तारित अवधि का भरपूर लाभ उठाते हुए समय रहते अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करें। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय अपने आधुनिक खेल अवसंरचना, अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं, अनुभवी संकाय एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
खेल के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य बनाने का सुनहरा अवसर
विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर तथा डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। खेल के क्षेत्र में अपना उज्ज्वल भविष्य बनाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 31 जुलाई 2026 के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र अपना आवेदन सुनिश्चित करें। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट sportsuniup.com का अवलोकन करें।



