पश्चिम बंगाल दौरे पर अमित शाह, सीमा सुरक्षा से नए कानूनों तक कई अहम मुद्दों पर रहेगा फोकस

कोलकाता: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार से पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह रात 9 बजे बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जहां से सीधे सिलीगुड़ी के कदमतला स्थित बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय जाएंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरे के दौरान सीमा सुरक्षा, नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और राज्य की कानून-व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
शनिवार सुबह अमित शाह बीएसएफ की 18वीं बटालियन की जुमागाछ सीमा चौकी पहुंचेंगे। यहां वह ‘प्रहरी सम्मेलन’ में शामिल होकर सीमा पर तैनात जवानों से संवाद करेंगे और उनका उत्साहवर्धन करेंगे। इसके साथ ही सीमा क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।
नए आपराधिक कानूनों की होगी समीक्षा
सीमा चौकी के कार्यक्रम के बाद अमित शाह सिलीगुड़ी स्थित उत्तरकन्या सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक में शामिल होंगे। दोपहर दो बजे होने वाली इस बैठक में राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा जन्म और मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था को अधिक डिजिटल और सुगम बनाने को लेकर भी चर्चा प्रस्तावित है।
दौरे की प्रमुख प्राथमिकताएं
इस दौरे के दौरान सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाने, बीएसएफ जवानों से संवाद, नए आपराधिक कानूनों की जमीनी स्थिति की समीक्षा, राज्य और केंद्र की सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके साथ ही कोलकाता स्थित राष्ट्रीय पुस्तकालय में आधुनिक ‘वर्ड म्यूजियम’ का उद्घाटन और अमूल बंगाल डेयरी के नए अत्याधुनिक दही संयंत्र की आधारशिला रखने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
विकास परियोजनाओं पर भी रहेगा जोर
शनिवार रात कोलकाता पहुंचने के बाद अमित शाह अलीपुर स्थित सौजन्य गेस्ट हाउस में रुकेंगे। रविवार को वह राष्ट्रीय पुस्तकालय परिसर में नवनिर्मित ‘वर्ड म्यूजियम’ का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में ‘अमूल बंगाल डेयरी’ के नए दही संयंत्र का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना को राज्य में सहकारिता को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



