राष्ट्रीयशिक्षा

NEET UG 2026 Result जारी: 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, पंजाब-हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप, जानें पूरी रिपोर्ट

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने गुरुवार देर शाम NEET UG 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। समय पर रिजल्ट जारी होने के साथ ही देशभर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश और काउंसलिंग की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो सकेगी। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।

इस वर्ष प्रश्नपत्र लीक होने के कारण NEET UG 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित कराई गई थी। री-नीट परीक्षा में भारत और विदेश के लगभग 20 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा का आयोजन भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर किया गया। इनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबद्ध मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं।

छात्राओं का रहा शानदार प्रदर्शन

एनटीए के अनुसार, सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। सफलता दर के मामले में भी छात्राएं छात्रों से आगे रहीं। परीक्षा में शामिल हुई 56.8 प्रतिशत छात्राएं सफल हुईं, जबकि छात्रों की सफलता दर 55.1 प्रतिशत दर्ज की गई।

पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने संयुक्त रूप से किया टॉप

इस बार 138 अभ्यर्थियों ने 720 में से 690 से अधिक अंक हासिल किए। इनमें 93 प्रतिशत से ज्यादा उम्मीदवार पहली बार NEET परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि 99 प्रतिशत टॉपर्स की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही। देशभर में 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से ऑल इंडिया टॉप किया।

मेरिट सूची के प्रमुख आंकड़े

1,492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए। वहीं 10,160 अभ्यर्थियों ने 600 या उससे अधिक और 90,780 उम्मीदवारों ने 500 या उससे अधिक अंक हासिल किए।

सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवार सफल

एनटीए के मुताबिक, सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा उम्मीदवार क्वालिफाई हुए, जबकि लक्षद्वीप से 43 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की।

राज्यवार टॉपर्स में लद्दाख की जिग्मेट यांगचेन लामो (530 अंक), अंडमान-निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) शामिल हैं। कुल 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक और 26 राज्यों के टॉपर्स ने 690 से अधिक अंक हासिल किए।

श्रेणीवार सफल उम्मीदवार

सामान्य वर्ग: 2.91 लाख
ओबीसी-एनसीएल: 5.12 लाख
अनुसूचित जाति: 1.59 लाख
अनुसूचित जनजाति: 63,716
ईडब्ल्यूएस: 95,026
दिव्यांग (PwBD): 3,666
दिव्यांग (PwD): 303

13 भाषाओं में आयोजित हुई परीक्षा

NEET UG 2026 का आयोजन हिंदी, अंग्रेजी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू समेत कुल 13 भाषाओं में किया गया।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि उसकी जिम्मेदारी परीक्षा आयोजित करने, परिणाम घोषित करने और ऑल इंडिया रैंक जारी करने तक सीमित है। एमबीबीएस और बीडीएस की अखिल भारतीय कोटा काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी कराएगी, जबकि राज्य कोटे की काउंसलिंग संबंधित राज्य सरकारों द्वारा आयोजित की जाएगी।

फर्जी कॉल और सीट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील

एजेंसी ने अभ्यर्थियों को फर्जी कॉल, संदेश और मेडिकल सीट दिलाने के नाम पर ठगी करने वालों से सतर्क रहने की सलाह दी है। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी उम्मीदवार से पैसे या व्यक्तिगत जानकारी की मांग नहीं करती।

Related Articles

Back to top button