MPESB Group-3 Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में 1040 पदों पर भर्ती, आवेदन शुरू; 1 सितंबर तक करें अप्लाई

भोपाल: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने ग्रुप-3 के तहत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के माध्यम से सब-इंजीनियर, सहायक मानचित्रकार, टेक्नीशियन समेत कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 1 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
1040 रिक्त पदों पर होगी भर्ती
MPESB Group-3 भर्ती के तहत कुल 1040 पदों को भरा जाएगा। इनमें सामान्य वर्ग के 381 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के 272 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 90 पद, अनुसूचित जाति के 156 पद और अनुसूचित जनजाति के 141 पद शामिल हैं।
ये हैं महत्वपूर्ण तारीखें
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त 2026 से शुरू हुई है। अभ्यर्थी 1 सितंबर 2026 तक आवेदन पत्र भरने के साथ निर्धारित शुल्क जमा कर सकते हैं। आवेदन में संशोधन करने की अंतिम तारीख 6 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। भर्ती परीक्षा 6 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
ग्रुप-3 भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से आईटीआई, डिप्लोमा, डिग्री आदि की योग्यता होनी चाहिए। पदवार शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है।
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित है। अधिकतम आयु सीमा में आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
आवेदन शुल्क कितना है?
सामान्य वर्ग और अन्य राज्यों से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 560 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 310 रुपये है। आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद होम पेज पर Online Application Form – Group-3 लिंक पर क्लिक करना होगा। आवेदन लिंक खुलने के बाद पहले पंजीकरण पूरा करें और फिर मांगी गई सभी जानकारी दर्ज करके आवेदन पत्र भरें।
इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट कर दें। अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख लें।
आधिकारिक आवेदन: MPESB Group-3 Application Form
भर्ती नोटिफिकेशन: MPESB Group-3 Notification 2026



