देहरादून: त्योहारों के दौरान स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से खास अपील की है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टालों से विभिन्न स्थानीय उत्पाद खरीदे। उन्होंने लोगों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में भागीदारी करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जिन उत्पादों को तैयार कर रही है, उनमें प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय हुनर की झलक दिखाई देती है। इन उत्पादों की खरीद से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही उनसे जुड़ी महिलाओं की आजीविका को मजबूती मिलती है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ती हैं।
त्योहारों पर स्थानीय उत्पाद खरीदने का सबसे बड़ा अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। प्रदेशवासी त्योहारों पर उपहार और रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुओं की खरीदारी करते समय स्थानीय उत्पादों को अधिक प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार किसी उत्पाद की हर खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने, किसी महिला के स्वरोजगार को मजबूत करने और राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में योगदान देती है।

‘वोकल फॉर लोकल’ से स्थानीय कारोबार को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति नया विश्वास पैदा किया है। राज्य सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

स्थानीय खरीद से मजबूत होगा आत्मनिर्भर उत्तराखंड का संकल्प
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी मौसम में स्थानीय उत्पादों की खरीद करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-अभियान बनाने में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। स्थानीय उत्पादों को अपनाने से आत्मनिर्भर उत्तराखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।




