
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़ी फर्जी उत्तरपुस्तिका सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में परीक्षा में रैंक-3 हासिल करने वाले अभ्यर्थी की सामान्य अध्ययन-2 की उत्तरपुस्तिका होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर बिहार लोक सेवा आयोग ने इसे अभ्यर्थियों को गुमराह करने की कोशिश बताया है। आयोग के विधि पदाधिकारी ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
रैंक-3 अभ्यर्थी की कॉपी होने का दावा
आयोग की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की फर्जी उत्तरपुस्तिका का एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। इसमें रैंक-3 पाने वाले अभ्यर्थी की सामान्य अध्ययन-2 की उत्तरपुस्तिका का जिक्र किया गया है।
वायरल सामग्री में जिस उत्तरपुस्तिका को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसमें छह-छह अंकों वाले दो प्रश्नों के उत्तर नहीं लिखे होने की बात कही जा रही है। इनमें से एक प्रश्न का उत्तर आंशिक रूप से लिखा गया था। 300 अंकों के प्रश्नपत्र में संबंधित अभ्यर्थी ने दो छह-छह अंकों वाले प्रश्न अनुत्तरित छोड़े थे। इन प्रश्नों के लिए शून्य अंक दिए गए हैं।
आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की मांग
बिहार लोक सेवा आयोग ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए इसे अभ्यर्थियों को भ्रमित करने का प्रयास बताया है। आयोग की शिकायत में सोशल मीडिया पर फर्जी उत्तरपुस्तिका का वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।
अब साइबर थाना इस मामले की जांच करेगा और यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि वायरल वीडियो कहां से सामने आया और इसे सोशल मीडिया पर किसने प्रसारित किया।
जून में जारी हुआ था 70वीं परीक्षा का फाइनल रिजल्ट
बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का अंतिम परिणाम जून 2026 में जारी किया गया था। इसमें उत्तर प्रदेश की श्रद्धा पांडेय ने 593 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया था। दूसरे और तीसरे स्थान पर शशांक गौरव और आयुष बिजॉय रहे। दोनों ने 592-592 अंक हासिल किए थे।
समान अंक होने के बावजूद दोनों की रैंक अलग रही। आयोग के अनुसार, बराबर अंक आने की स्थिति में निबंध में अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को बेहतर रैंक दी गई। इसी आधार पर शशांक गौरव दूसरे और आयुष बिजॉय तीसरे स्थान पर रहे।
25 से 30 अप्रैल 2025 के बीच हुई थी मुख्य परीक्षा
70वीं संयुक्त प्रतियोगिता की मुख्य लिखित परीक्षा का आयोजन 25 से 30 अप्रैल 2025 के बीच किया गया था। पटना में इसके लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। मुख्य परीक्षा में कुल 20,034 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसका परिणाम दिसंबर 2025 में घोषित किया गया था। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया, जिसके बाद अंतिम परिणाम जारी किया गया।
TRE-4 को लेकर भी आया अहम अपडेट
इसी बीच बीपीएससी की चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4.0 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी अहम जानकारी सामने आई है। आयोग ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए आवश्यक संशोधन किए हैं।
आयोग के ताजा नोटिस के अनुसार संशोधित भर्ती अधिसूचना जारी होने और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में जरूरी बदलाव पूरे होने के बाद विद्यालय अध्यापक के पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर 2026 से शुरू होने की पूरी संभावना है।



