अद्धयात्मउत्तर प्रदेशमेरठराज्य

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव: इस्कॉन मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियां जोरों पर

ला फ्लोरा रिसोर्ट, गढ़ रोड, मेरठ में शाम 6:30 बजे से मध्यरात्रि 1:00 बजे तक होगा।

Meerut News: मेरठ में इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव एक यादगार के रूप में मनाए जाने की तैयारी है। इस्कॉन मंदिर, शास्त्रीनगर, मेरठ द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य श्री श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव -2026 का आयोजन बड़े स्तर पर करने जा रहा है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का विशाल आयोजन 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को, ला फ्लोरा रिसोर्ट, गढ़ रोड, मेरठ में शाम 6:30 बजे से मध्यरात्रि 1:00 बजे तक होगा।
जन्माष्टमी मनाने का उद्देश्य?
श्रील प्रभुपाद जी के अनुसार, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भगवान के साथ अपने भूले हुए संबंध को फिर से जागृत करने का अवसर है। भौतिक संसार में हम अपने परिजनों का जन्मदिन बड़े उत्साह से मनाते हैं, तो फिर समस्त सृष्टि के पालनहार, भगवान श्रीकृष्ण का जन्मदिन क्यों न और भी अधिक धूमधाम से मनाया जाए। इसका मुख्य उद्देश्य जन-जन तक भगवान के दिव्य संदेश – प्रेम, भक्ति और धर्म को पहुंचाना है।
महोत्सव के दिव्य आकर्षण

पंचामृत महा-अभिषेक – विशेष नियम
यह महोत्सव का सबसे पवित्र क्षण होगा। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के समय 5 पवित्र द्रव्यों जिसमें दूध, दही, घी, शहद और शर्करा (गंगाजल मिश्रित) से अभिषेक किया जाएगा।
_अभिषेक का नियम यह है कि भक्तजन बारी-बारी से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान का अभिषेक करेंगे। मान्यता है कि इस अभिषेक में भाग लेने से जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट होते हैं और भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होती है। सभी भक्तों को अभिषेक के लिए पारंपरिक वस्त्रों में आने का अनुरोध है।
फूल बंगला दर्शन
भगवान के लिए विशेष रूप से मथुरा-वृंदावन से लाए गए ताजे फूलों और देशी-विदेशी फूलों से 30 फीट का भव्य फूल बंगला बनाया जाएगा, जिसमें भगवान अपने भक्तों को दर्शन देंगे।
256 भोग का अन्नकूट महोत्सव
भगवान को छप्पन भोग नहीं, बल्कि इस बार 256 प्रकार के शुद्ध सात्विक, लहसुन-प्याज रहित व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया जाएगा, जिसमें माखन-मिश्री, विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, नमकीन, फल और केक शामिल होंगे।
दिव्य झूला उत्सव
बाल गोपाल को सोने-चांदी से जड़ित सुंदर झूले में झुलाया जाएगा। सभी माताएं और भक्त भगवान को अपने हाथों से झूला झुला सकेंगे, जैसा नंद बाबा के घर में माता यशोदा करती थीं।
इस्कॉन मंदिर, मेरठ के अध्यक्ष ने मेरठ के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे सपरिवार इस महामहोत्सव में पधार कर भगवान के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य बनाएं। प्रवेश निःशुल्क है। भक्तों के लिए महाप्रसाद की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
प्रेस वार्ता में इस्कॉन मंदिर शास्त्री नगर के काउंसिल मेंबर के रूप में नवीन गौर दास, चारु गोविंद दास, सव्यसाची दास, महाबाहु अर्जुन दास व अंकेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी के रूप में विपुल सिंघल व मयंक अग्रवाल उपस्थित रहे।

    Related Articles

    Back to top button