अपराधपंजाबराज्य

लुधियाना में खौफनाक साजिश! पिस्तौल तानकर बेटियों के अपहरण की धमकी, जबरन साइन करवाए कागज-चेक; करोड़ों का कारोबार हड़पने का आरोप

लुधियाना: महानगर में जान से मारने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देकर जबरन कारोबार हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि स्क्रैप का कारोबार करने के बहाने नजदीकियां बढ़ाने वाले दो लोगों ने फैक्ट्री मालिक पर पिस्तौल तान दी और उसकी बेटियों के अपहरण की धमकी देकर पहले से तैयार दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए।

आरोपियों ने कथित तौर पर फर्म की फर्जी पार्टनरशिप डीड तैयार करवाई और खाली चेकों पर भी हस्ताक्षर करा लिए। बाद में इन्हीं दस्तावेजों और चेकों का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

स्क्रैप कारोबार के जरिए बढ़ाई नजदीकी

पीड़ित रोहित कुमार ने पुलिस को बताया कि गांव बुड्ढेवाल रोड, शुगर मिल के पास उनकी ‘मोंगा ब्रदर्स यूनिट-2’ नाम से व्यावसायिक फर्म है। आरोपी पवन कुमार और हरविंदर कुमार उनकी फर्म में अक्सर लोहे का स्क्रैप बेचने आते थे।

लगातार व्यापारिक लेन-देन के चलते दोनों आरोपियों ने रोहित कुमार के साथ मेलजोल बढ़ा लिया। आरोप है कि इसी नजदीकी का फायदा उठाकर दोनों ने बाद में उन्हें डराने-धमकाने की साजिश रची।

दफ्तर में घुसते ही पिस्तौल तानी

पीड़ित के अनुसार, 24 जून 2023 को दोनों आरोपी अचानक उनकी फर्म के दफ्तर में पहुंचे। आरोप है कि अंदर आते ही उन्होंने पिस्तौल निकालकर रोहित कुमार पर तान दी।

इसके बाद आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उनकी बात नहीं मानी तो उनकी बेटियों का अपहरण कर लिया जाएगा और पूरे परिवार को जान से खत्म कर दिया जाएगा। बेटियों को नुकसान पहुंचने के डर से पीड़ित कथित तौर पर बुरी तरह डर गया।

डराकर स्टांप पेपर और दस्तावेजों पर करवाए साइन

आरोप है कि दहशत के माहौल में दोनों ने पहले से खरीदे गए स्टांप पेपर और अन्य कानूनी दस्तावेजों पर रोहित कुमार से जबरन हस्ताक्षर करा लिए। इसके बाद फर्म में जबरन पार्टनरशिप डीड तैयार कर ली गई।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने फर्म के कई खाली चेकों पर भी जबरन हस्ताक्षर करवाए। शिकायत के मुताबिक बाद में इन दस्तावेजों और चेकों का कथित तौर पर दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई।

विरोध करने पर लगातार जान से मारने की धमकी

पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब भी उसने इस कार्रवाई का विरोध किया, आरोपी उसे पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते रहे। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसकी गहन जांच कराई।

पुलिस की जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने के बाद पवन कुमार और हरविंदर कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, जालसाजी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button