राज्यहिमाचल प्रदेश

कांगड़ा में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी बाइक! धार्मिक कार्यक्रम से घर लौट रहे तीन युवकों की मौत, गांव में पसरा मातम

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। धार्मिक कार्यक्रम और यात्रा में शामिल होकर घर लौट रहे तीनों युवक बाइक पर सवार थे। भलेड़ पावर हाउस के पास अचानक बाइक खाई में जा गिरी, जिससे तीनों की जान चली गई।

भलेड़ पावर हाउस के पास खाई में गिरी बाइक

जानकारी के अनुसार, हादसा शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भलेड़ पावर हाउस के समीप हुआ। मृतकों की पहचान दरिणी पंचायत के झुनेना गांव निवासी अशोक कुमार, प्रिंस और पवन कुमार के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात तीनों युवक धार्मिक कार्यक्रम और यात्रा में हिस्सा लेने गए थे। देर रात जब वे बाइक से अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी भलेड़ पावर हाउस के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की ओर से मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों में मची चीख-पुकार

हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। एक साथ तीन युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

उप मुख्य सचेतक एवं स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया भी घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से मातम

एक ही गांव के तीन युवाओं की सड़क हादसे में मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों के साथ स्थानीय लोग भी गहरे सदमे में हैं।

Related Articles

Back to top button