सत्य निकेतन हादसे में बड़ा एक्शन, इमारत मालिक हरिराम बंसल गिरफ्तार; 7 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने तेज की जांच

नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बहुमंजिला इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, हरिराम बंसल को भिवाड़ी से पकड़ा गया। घटना के बाद से वह लापता था। उसके खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी किए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें गठित की थीं।
सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर इमारत ढह गई थी। इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
‘हॉस्टल डेज’ में रहते थे छात्र
हादसे की शिकार पांच मंजिला इमारत का नाम ‘हॉस्टल डेज’ था। इसमें लड़कों के लिए पीजी चलाया जा रहा था और घटना के समय कई छात्र इमारत में मौजूद थे।
हादसे के बाद दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की थी।
लुक-आउट नोटिस के बाद 10 टीमें लगाई गईं
घटना के बाद हरिराम बंसल का कोई पता नहीं चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए लुक-आउट नोटिस जारी किया और गिरफ्तारी के लिए 10 टीमों का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस को उसके भिवाड़ी में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
लापरवाही पर अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे के बाद जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित एमसीडी अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई का आदेश दिया था।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को सत्य निकेतन पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी अधिकारी लापरवाही या चूक के दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



