उत्तराखंडराज्य

देवभूमि से 2027 का चुनावी शंखनाद, नितिन नवीन ने तय किए 7 एजेंडे; बोले- उत्तराखंड से देश में जाएगा जीत का संदेश

हल्द्वानी: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हल्द्वानी में विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का बिगुल बजा दिया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से पूरे देश में जीत का संदेश जाएगा। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन को चुनावी मोड में आने का संदेश दिया और पार्टी के सामने सात प्रमुख एजेंडे रखे।

नितिन नवीन ने हल्द्वानी के शुद्धीकरण विवाद को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राजनीतिक षड्यंत्र करने का आरोप लगाया और राहुल गांधी पर युवाओं को भ्रमित करने तथा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति उत्तराखंड को अपमानित नहीं कर सकती।

2027 के लिए भाजपा के सात एजेंडे

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन ने सात प्रमुख बिंदुओं पर फोकस तय किया।

● 2027 की चुनावी रणनीति तैयार करना

● बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना

● पहाड़ और मैदान के सियासी समीकरण साधना

● युवा और महिला मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाना

● सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना

● विपक्ष के राजनीतिक नैरेटिव का जवाब देना

● 2029 के लिए मजबूत राजनीतिक आधार तैयार करना

शुद्धीकरण विवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना

नितिन नवीन ने कांग्रेस पर दलितों के अपमान और विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शुद्धीकरण जैसे मुद्दों के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक विपक्ष समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहा है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर प्रदेश की जनसांख्यिकी को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ‘झूठ की गूंज’ ज्यादा समय तक नहीं चल सकती और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कामयाब नहीं होगी।

वंदे मातरम् को लेकर भी कांग्रेस पर हमला

भाजपा अध्यक्ष ने वंदे मातरम् के 150वें वर्ष का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की ओर से संसद में कानून पारित किए जाने और 15 अगस्त को लाल किले से पूर्ण वंदे मातरम् गाए जाने का स्वागत किया। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रगीत को शुरुआती दो पदों तक सीमित रखने के रुख की आलोचना की।

बैठक में नेपाल में आई विनाशकारी प्राकृतिक आपदा और चमोली की विष्णुगाड पीपलकोटी परियोजना की सुरंग दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रमिकों के प्रति शोक भी जताया गया।

‘देवभूमि से शुरू हो रहा जीत का यज्ञ’

नितिन नवीन ने अपने संबोधन में बार-बार उत्तराखंड को देवभूमि बताया। उन्होंने कहा कि देवों की भूमि से ही वह प्रदेश में चुनावी शंखनाद कर रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया और कहा कि पर्यटन रोजगार देने के साथ लोगों का सामर्थ्य भी बढ़ा रहा है।

रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन बैंक्वेट हॉल में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तराखंड में भाजपा की प्रचंड जीत 2029 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत का रास्ता साफ करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार उत्तराखंड में सिर्फ सरकार और सत्ता की नहीं, बल्कि विचारधारा की जीत होगी।

नितिन नवीन ने युवाओं को भाजपा की ताकत बताते हुए कहा कि 2047 तक स्वावलंबी और विकसित भारत का लक्ष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही पूरा होगा। उन्होंने महिला भागीदारी को भी प्राथमिकता बताते हुए नारी वंदन अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता जताई।

मुख्यमंत्री धामी बोले- फिर खिलाएंगे कमल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य उत्तराखंड में एक बार फिर कमल खिलाना और राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदेश बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास कार्यों से विपक्ष परेशान है।

धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास न नीति है, न नीयत और न नेतृत्व। उनके मुताबिक कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने और जातिवाद का जहर घोलने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया और ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया, लेकिन गरीबों को उनका अधिकार नहीं मिला। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति को भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और समाज को बांटने से जोड़कर निशाना साधा।

दो प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प का प्रस्ताव रखा। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया। दोनों प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

प्रस्तावों में केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक, सामाजिक तथा विकास संबंधी नीतियों की सराहना की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के प्रशासनिक और सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए उन्हें बधाई दी गई। साथ ही ‘राष्ट्र प्रथम’ की नीति की सराहना की गई।

दुष्यंत गौतम की मौजूदगी से सियासी चर्चाएं तेज

बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मौजूदगी को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए गए। सोशल मीडिया पर अंकिता भंडारी प्रकरण के संदर्भ में उन्हें निशाना बनाकर टिप्पणियां भी की गईं।

इस बीच एक मंत्री के साथ कैंची धाम दर्शन की उनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। भाजपा की नई टीम में बदलाव के दौरान गौतम को उत्तराखंड प्रभारी पद से हटाया गया था। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने स्पष्ट किया कि नए प्रभारी की नियुक्ति होने तक गौतम ही प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसी वजह से उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था।

Related Articles

Back to top button