उत्तराखंड

उत्तराखंड में युवाओं से सीधा संवाद, रोजगार से AI तक उठे सवाल; नितिन नबीन और धामी ने गिनाईं सरकार की प्राथमिकताएं

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान करियर, रोजगार, सरकारी नौकरी, स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, खेल और राज्य के भविष्य जैसे कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। युवाओं ने भी सरकार की योजनाओं, रोजगार के अवसरों और विकास से जुड़े मुद्दों पर अपने सवाल और सुझाव रखे।

रोजगार, स्टार्टअप और भविष्य की संभावनाओं पर खुलकर हुई चर्चा

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने प्रदेश और देश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। साथ ही सरकारी योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए रोजगार, स्वरोजगार और प्रदेश में बेहतर अवसरों की उपलब्धता को लेकर सुझाव भी दिए। संवाद में युवाओं की भागीदारी प्रमुख रूप से देखने को मिली।

एआई और डिजिटल तकनीक में युवाओं के लिए बढ़ रहे अवसर

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा देने के साथ उनके लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहल ने युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच दिया है। उनका कहना था कि आज का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नए रोजगार और अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है।

उन्होंने कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीकी दौर में युवाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं सामने आई हैं। उन्होंने उत्तराखंड के युवाओं को प्रतिभाशाली बताते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा और क्षमता को प्रदेश के विकास से जोड़कर राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

स्थानीय रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर

नितिन नबीन ने कहा कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसरों को बढ़ाना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने सोशल मीडिया को एक प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि युवाओं को इसका सकारात्मक उपयोग देश और समाज के विकास के लिए करना चाहिए। साथ ही उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा समय प्रबंधन के महत्व पर भी जोर दिया।

34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने का दावा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और भारत की विशाल युवा आबादी देश को नई ऊर्जा और नई सोच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक और नवाचार के बढ़ते उपयोग से युवाओं के लिए नए अवसर लगातार तैयार हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को पदभार संभालने के बाद सरकार ने इस संकल्प के साथ काम किया कि पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं। उन्होंने बताया कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज किया गया और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नकल माफियाओं को जेल भेजा गया।

स्वरोजगार और नई योजनाओं पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना जैसी विभिन्न पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।

खेलों में उत्तराखंड की बढ़ती पहचान का किया जिक्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी उत्तराखंड तेजी से अपनी नई पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा का प्रमाण है।

पर्यटन, निवेश और तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में बन रहे नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, विज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। निवेश और रोजगार बढ़ाने के उद्देश्य से इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया है और पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए सरकार निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है ताकि उन्हें समान अवसर मिल सकें। इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button