उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने पर्वतारोहण अभियानों का किया फ्लैग-इन, नुन-कुन की तीन चोटियों पर सफल आरोहण करने वाले दल को दी बधाई

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), उत्तरकाशी द्वारा संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (जेआईएम एंड डब्ल्यूएस), पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा।

मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई दी और चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की उपलब्धियां उत्तराखंड के साथ देश के युवाओं को भी साहसिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करेंगी।

पर्वतारोहण के साथ नेतृत्व और अनुशासन का प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश और प्रदेश में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। संस्थान युवाओं को पर्वतारोहण और साहसिक गतिविधियों का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के साथ उनमें साहस, नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता भी विकसित कर रहा है।

माउंट एकांकागुआ की 6,961 मीटर ऊंची चोटी पर पहुंचा दल

माउंट एकांकागुआ, अर्जेंटीना के लिए एनआईएम और जेआईएम एंड डब्ल्यूएस के संयुक्त अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय अभियान दल ने 22 फरवरी 2026 को 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ की चोटी पर सफल आरोहण किया था। इस संयुक्त अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।

नुन-कुन की तीन चोटियों पर एक ही अभियान में सफलता

नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त 2026 को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन की चोटी पर सफल आरोहण किया। स्वतंत्रता दिवस के दिन हासिल की गई इस उपलब्धि को अभियान दल के लिए विशेष बताया गया।

इसके बाद इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए दल ने 26 अगस्त 2026 को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त 2026 को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन की चोटी पर भी सफल आरोहण किया। इस तरह अभियान दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण किया।

पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने सभी अभियान सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए व्यापक संभावनाएं उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की ऐसी उपलब्धियां युवाओं को साहसिक खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने के साथ उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में भी योगदान देती हैं।

कार्यक्रम में विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स, पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित एनआईएम के अधिकारी और विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button