बिहारराज्य

अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकराई, मची चीख-पुकार; 22 श्रद्धालु घायल

बक्सर: बिहार के बक्सर जिले में सोमवार तड़के श्रद्धालुओं से भरी एक बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में तेलंगाना के कम से कम 22 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी श्रद्धालु गया जी में पितृपक्ष मेले के दौरान पिंडदान की रस्म पूरी करने के बाद अयोध्या जा रहे थे। हादसा बिहार को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले वीर कुंवर सिंह पुल पर सुबह करीब चार बजे हुआ।

टक्कर में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

बक्सर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर के बाद प्रभावित सभी यात्रियों को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि अब सभी यात्री खतरे से बाहर हैं। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद बस को मौके से हटा दिया गया, जिसके बाद पुल पर यातायात को फिर से बहाल कर दिया गया।

पिंडदान के बाद अयोध्या जा रहे थे श्रद्धालु

अधिकारियों के मुताबिक, तेलंगाना से आए श्रद्धालुओं ने गया जी में पितृपक्ष मेले के दौरान पिंडदान की रस्म पूरी की थी। इसके बाद सभी श्रद्धालु अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान वीर कुंवर सिंह पुल पर बस की ट्रक से टक्कर हो गई।

हादसे की सूचना मिलने के बाद उत्तर प्रदेश की नरही पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button